मांगों के लिए रोडवेज कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
रोडवेज कर्मचारियों ने शुक्रवार को मांगों के लिए प्रदर्शन किया। इससे पूर्व रोडवेज की ज्वाइंट एक्शन कमेटी की बैठक बस स्टैंड पर हुई। इस दौरान कर्मचारियों ने रोष जताया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी है कि उनकी 24 सूत्री मांगों पर विचार नहीं किया गया तो हरियाणा में चक्का जाम कर देंगे। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सदस्यों ने कहा कि यूूनियनें 22 दिसंबर को चंडीगढ़ मुख्यालय पर महानिदेशक का घेेराव करेंगे और रणनीति का खुलासा करेंगे।
दादरी बस डिपो में कमेटी के वरिष्ठ सदस्य ओमप्रकाश ग्रेवाल व नरेंद्र दिनोद की अध्यक्षता में रोडवेज कर्मचारियों की बैठक हुई। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि परिवहन अधिकारियों द्वारा उनकी 24 सूत्री मांगों पर सहमति देने के बाद भी यूटर्न लेते हुए टालमटोल करने का प्रयास किया जा रहा है। परिवहन मंत्री व विभाग के आला अधिकारियों से हुई वार्ता में मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया गया था लेकिन मांगें पूरी नहीं कर रोडवेज कर्मचारियों के साथ धोखा किया गया है। सरकार एक तरफ तो अपनी वाही-वाही लूटने के लिए बुजुर्गों व अन्य कैटेगरी को हरियाणा के अलावा दूसरे राज्यों में भी मुफ्त या मामूली अदायगी पर सफर करने की घोषणा करती है। वहीं दूसरी तरफ दूसरे राज्यों में जाने वाली बसों को बंद करके जनता के साथ मजाक कर रही है। अगर सरकार वास्तव में जनता हितैषी है तो अंतरराज्यीय रूटों पर चलने वाली बसें बंद करने की बजाय बसें बढ़ाए। कर्मचारी नेता ओमप्रकाश ग्रेवाल व नरेंद्र दिनोद ने संयुुक्त रूप से हरियाणा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार रोडवेज कर्मचारियों की मांगें समय रहते पूरा करें और किए वादों को पूरा करें अन्यथा 22 दिसंबर को चंडीगढ़ मुख्यालय पर महानिदेशक का घेराव किया जाएगा। घेराव के दौरान की कमेटी द्वारा कड़ा निर्णय लिया जाएगा। जिसमें हरियाणा में रोडवेज का चक्का जाम जैसे बड़े फैसले लिए जाएंगे। साथ ही कहा कि दादरी डिपो से हटाए 52 कच्चे कर्मचारियों को वापिस लेने, एलटीसी देने सहित 24 मांगें पूरी की जाए। इस मौके पर महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रणबीर गहलौत, डिपो प्रधान धर्मबीर डाला, करतार साहू, कृष्ण ऊण, उमेद फौगाट, मंजीत दलाल, विजयपाल यादव आदि उपस्थित थे।