अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
प्रदेश सरकार ने बुधवार को टीचरों के तबादले किए हैं। बहादुरगढ़ ब्लॉक में तबादलों की जानकारी मिलते ही सरकारी स्कूलों के टीचरों में खलबली मची गई। जिस कारण कई स्कूलों में तो सही ढंग से बच्चों की पढ़ाई भी नहीं हो सकी। कई टीचर अपने तबादले से खुश नजर आए तो कई ने निराशा जाहिर की।
उधर, बहादुरगढ़ खंड शिक्षा अधिकारी मदन चोपड़ा ने टीचरों के तबादलों में पारदर्शिता की बात कही।
दरअसल, बुधवार को हरियाणा सरकार ने प्रदेश के टीजीटी, प्रिंसिपल व सीएंडवी टीचरों के तबादले किए हैं। इनमें पांच साल से एक ही स्थान पर जमे शिक्षकों के अलावा सैकड़ों शिक्षक ऐसे हैं। जिन्होंने स्वेच्छा से तबादला चाहते हुए वेबपोर्टल पर येस का अप्शन भरा था। तबादला चाहने वाले सभी शिक्षकों को उनकी मनपसंद जगहों पर पोस्टिंग दी गई है। इससे काफी शिक्षक खुश दिखाई दिए। साथ ही ऑनलाइन तबादलों से भ्रष्टाचार पर भी काफी हद तक अंकुश लगा है। अन्यथा शिक्षकों को अपने तबादलों के लिए मंत्रियों, अफसरों और विधायकों के चक्कर काटने पड़ते थे। इससे भी उन्हें निजात मिल गई है।
तबादला सूची देखने में जुटे रहे शिक्षक
जैसे ही बहादुरगढ़ ब्लाक के स्कूल में टीचरों को तबादलों की सूचना मिली, उसी समय में पढ़ाई को छोड़ सभी अध्यापक अपने तबादलों की सूची को चैक करने में जुट गए। सभी स्कूलों इस तरह हड़कंप मचा रहा। कई टीचरों के हाथ निराश हाथ लगी तो कई ने खुशी जताई। क्योंकि उन्हें अपनी मनपसंद जगह पोस्टिंग मिल गई थी।
इनका हुआ तबादला
बहादुरगढ़ के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अब प्राचार्या कृष्णा छिकारा की जगह जसौर खेड़ी स्कूल की प्राचार्या तारावती होंगी। जबकि कृष्णा छिकारा दुल्हेड़ा स्थित स्कूल की प्राचार्या लगाई गई हैं। इस तरह यहां से लगभग 7 टीचरों के तबादले हुए हैं। इनमें मुन्नी देवी, सुदेश, कविता, रामा का तबादला गांव सिद्दीपुर के स्कूल में किया गया है। बहादुरगढ़ के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पीटीआई के तौर पर निलौठी से सरोज को भेजा गया है। जबकि यहां तैनात पीटीआई सुदेश को मुकुंदपुर लगाया गया है। बहादुरगढ़ के लगभग सभी स्कूलों से शिक्षकों के तबादले हुए हैं।
क्या कहते हैं बीईओ
खंड शिक्षा अधिकारी मदन चोपड़ा ने कहा कि जिन टीचरों को एक ही जगह पर ड्यूटी करते हुए पांच साल हो गए हैं उनका तबादला किया गया है। साथ ही तीन साल से अधिक समय से एक जगह पर कार्य कर रहे टीचरों ने स्वेच्छा से तबादला चाहते हुए वेबपोर्टल पर येस का अप्शन भरा था। उन्हें भी उनकी मनपसंद जगह पर पोस्टिंग दी गई है।