अमर उजाला ब्यूरो
बादली।
किसानों को धान की पौध तैयार करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए ताकि धान की अच्छी पैदावार ली जा सके। अच्छी पैदावार के लिए पौध का अच्छा और मजबूत होना जरूरी है। कृषि अधिकारी एवं एडीओ प्रदीप राठी ने किसानों को धान की पौधे समय पर तैयार करने की सलाह देते हुए कहा कि पौधों के लिए बिजाई करने का समय आ गया है और किसानों को पौध तैयार करने में जुट जाना चाहिए ताकि उन्हें महंगी पौधे न खरीदने पड़े। अपने खेतों में बिजाई कर पौध तैयार करना आसान ही नहीं बल्कि सुगम भी है।
एडीओ राठी ने किसानों को बताया कि धान बिजाई के लिए बीजोपचार आवश्यक है। उपचार करते समय 10 किलो ग्राम बीज को 10 लीटर पानी में डाल दे। इसी पानी में एक ग्राम स्ट्रेपटो साईलिंग और 10 ग्राम एमीशम को अच्छी तरह से मिला ले। इसी बीच में 24 घंटे के लिए घोल में डालकर रखे। बाद में इसे निकालकर बिजाई कार्य करे। ऐसा करने से किसानों को अच्छी और मजबूत पौधे तैयार करने में सफलता मिलेगी। अपने खेतों में ही पौधे तैयार करने से किसानों को महंगी पौधे नहीं खरीदनी पड़ेगी। किसानों को समय पर बिजाई करने की सलाह देते हुए बताया कि इस बार मानसून सामान्य आने के संकेत है।