क्षेत्र में वीरवार को भी जमकर मेघा बरसे। सुबह करीब डेढ़ घंटे में 35 एमएम बरसात हुई। इस बरसात से मौसम में तो ठंडक घुल गई। मगर हर जगह पानी ही पानी हो गया। शहर के अनेक मार्गों और कई कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति हो गई, लोगों को काफी परेशानी हुई।
बीते दो दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। बुधवार को जहां 40 एमएम बरसात हुई, तो वीरवार को मात्र डेढ़ घंटे में 35 एमएम बरसात हो गई। बरसात से तापमान में गिरावट आई तो लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं शहर में निकासी के दावों की भी पोल खुल गई। हर जगह पानी ही पानी हो गया। झज्जर रोड, मांडोठी बाजार, मेन बाजार, नजफगढ़ रोड, कमेटी चौक पर पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा। वहीं बोड़ा कुआं चौक, संत कॉलोनी, झील मोहल्ला सहित अन्य कॉलोनियों में लोगों को बेहद दिक्कतें हुईं। सबसे बुरा हाल तो सेक्टर-6 में हो गया। यहां बरसात के कई घंटों बाद तक पानी भरा हुआ था। नेहरू पार्क और महावीर पार्क में भी हालात बिगड़ गए। बस स्टैंड परिसर में पानी भरा रहने से मुसाफिरों को काफी दिक्कतें हुई।
अच्छी हो रही है बरसात
क्षेत्र में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अच्छी बरसात हो रही है। जून से अब तक इलाके में कुल 547 एमएम बरसात हुई है। जून में 41 एमएम ही बरसात हुई थी। जुलाई में रिकॉर्ड 323 एमएम बरसात दर्ज हुई। अगस्त में 148 एमएम बरसात दर्ज की गई, जबकि सितंबर माह के पहले ही दिन 35 एमएम बरसात हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक, सितंबर में अभी और बरसात होने की उम्मीद है। बता दें कि पिछले वर्ष सितंबर माह में कुल 14 एमएम ही बरसात हुई थी। उपमंडल कृषि अधिकारी डा. सुनील कौशिक ने कहा कि यह बरसात किसानों के लिए बेहद लाभदायक है। अभी और बरसात होने की संभावना है।