जिला पुलिस की साइबर सेल टीम ने पिछले एक महीने में करीब 7 लाख 30 हजार रुपये के 35 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए। सभी मोबाइल को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।
साइबर सेल झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक अभिषेक ने बताया कि डिजिटल युग में मोबाइल फोन केवल बातचीत का माध्यम नहीं बल्कि महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंकिंग जानकारी और निजी डाटा का संग्रह होता है। ऐसे में मोबाइल गुम होने पर उसके दुरुपयोग की आशंका भी बढ़ जाती है।
विज्ञापन
साइबर सेल द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की तकनीकी विश्लेषण के आधार पर लगातार मॉनिटरिंग कर यह सफलता प्राप्त की गई। इस अभियान में साइबर सेल इंचार्ज व टीम के नेतृत्व में विशेष भूमिका निभाई। शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए।
इस दौरान लोवा खुर्द निवासी सुनील का मोबाइल गांव की वाटिका से गुम हुआ था जिसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। बिहार निवासी व कॉलेज छात्र राज यादव का फोन बहादुरगढ़ से खो गया था। वहीं आंध्रप्रदेश निवासी के. स्वाति का मोबाइल स्कूटी चलाते समय गुम हो गया था।
इनको पाकर सभी ने पुलिस का धन्यवाद किया। झज्जर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते उसे ब्लॉक व ट्रेस किया जा सके।