अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
सी-34 फाटक पर बनाए जाने वाले अंडरपास मसले पर भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह और इनेलो विधायक राजदीप फौगाट आमने-सामने हो गए हैं। रविवार से इनेलो विधायक अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर आमरण अनशन भी शुरू करने जा रहे हैं। शनिवार को प्रेस वार्ता कर हुए भाजपा सांसद ने विधायक के आमरण अनशन पर तंज कसा। सांसद ने कहा कि मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि विधायक को जिंदा रखे। उनके इस बयान पर विधायक राजदीप फौगाट ने भी पलटवार किया। विधायक ने कहा कि सांसद मेरी नहीं बल्कि खुद के जिंदा रहने की कामना करें, क्योंकि अगले चुनाव में हार का मुंह भी देखना है।
बखूबी निभा रहे विपक्ष की भूमिका राजदीप: धर्मबीर
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि गांधी नगर फाटक पर अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सरकार ने डीपीआर तैयार करने के लिए रेलवे के कोष में राशि भी जमा करा दी है। ऐसे में विपक्ष विधायक राजदीप फौगाट बेवजह मामले को तूल पकड़ाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। सांसद ने विधायक पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राजदीप विपक्ष की भूमिका बखूबी निभा रहे हैं। क्योंकि विपक्ष का तो काम ही सरकार के विकास कार्यों में टांग अड़ाने का होता है और इस लिहाज से विधायक सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अंडरपास पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है, विधायक इस बात को समझें।
सांसद को जनता दिखाएगी आइना : राजदीप
इनेलो विधायक ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि सांसद कभी तो कहते हैं कि एक एक्सईन तक उनकी बात नहीं मानता और अब अंडरपास निर्माण का हवा-हवाई दावा ठोक रहे हैं। सांसद शायद भूल रहे है कि वो भी मेरी तरह जन प्रतिनिधि हैं। जनता को सांसद मूर्ख बनाने का प्रयास कर रहे हैं और इसका हर्जाना उन्हें भुगतना पड़ेगा। विधायक ने कहा कि जिंदगी और मौत तो भगवान के हाथ में हैं और सांसद खुद को भगवान समझकर ओछी बयानबाजी कर रहे हैं। अधिकारी तो उनकी सुनते नहीं ऐसे में वो अनर्गल बयानबाजी कर सुर्खिंयां बटोरने का प्रयास कर रहे हैं।