अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
हाल ही में रसोई गैस के दामों में हुई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस की स्थानीय कार्यकर्ता रविवार को सड़कों पर उतरी। पार्टी की प्रदेश महासचिव व वार्ड-30 से पार्षद डॉ. नीना राठी के नेतृत्व में महिलाओं ने प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वार्ड-30 में रविवार को महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता यहां की पार्षद डॉ. नीना राठी के सांखोल स्थित कार्यालय में एकत्रित हुई। इस मौके पर हुई सभा में कांग्रेस पंचायती राज प्रकोष्ठ के महासचिव सतपाल राठी, पार्षद गुरदेव राठी के अलावा पार्षद प्रतिनिधि समुंद्र सहवाग, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के चेयरमैन असलम खान, राज गुलिया, राजू नागपाल समेत काफी वार्डवासियों ने भाग लिया। सभा के बाद महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया और दिल्ली-रोहतक रोड के बीच प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। नीना राठी ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार ने 16 महीनों में ही 19 बार रसोई गैस व पेट्रो पदार्थों के दामों में बढ़ोतरी की है। टैक्स घटाने के बजाय जीएसटी से जनता की कमर ही तोड़ डाली। आज युवाओं के पास न तो रोजगार है और न ही शिक्षा की सुविधाएं बढ़ रही है।
विकास तो जैसे ठप ही हो गया है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तब महंगाई नहीं बढ़ी थी बल्कि जो एलपीजी सिलेंडर 400 रुपये में मिलता था वह अब 250 रुपये सब्सिडी के बावजूद 500 में मिल रहा है।
कांग्रेस पंचायती राज प्रकोष्ठ के महासचिव सतपाल राठी ने कहा कि जब कांग्रेस का शासन था तो महंगाई नहीं बढ़ने दी गई थी। मेट्रो रेल प्रोजेक्ट शुुरू कराया, लेकिन भाजपा सरकार ने 3 साल के बाद अब तक यह काम पूरा नहीं कराया।
उन्होंने कहा कि महंगाई के विरोध में ही महिला कांग्रेस की ओर से दिल्ली में 8 नवंबर को प्रदर्शन होगा। इसमें भी बहादुरगढ़ से काफी महिलाएं नीना राठी के नेतृत्व में दिल्ली पहुंचेंगी। प्रदर्शन व पुतला फूंकने के बाद दिल्ली-रोहतक रोड समेत वार्ड 30 के विभिन्न हिस्सों से होते हुए प्रदर्शनकारी पार्षद नीना राठी के कार्यालय में पहुंचे। चंद्रकला, किताबो, केला, शकुंतला, पूनम राठी, भावना, संतोष, मीना, बीरमति, सुमन, कविता व नीलम के अलावा समुंद्र राठी, अनिल कुमार यादव, सूबे सिंह, रोहतास सिंह व राजू नागपाल के अलावा सैकड़ों पुरुष व महिलाएं प्रदर्शन में शामिल रहे।
महिला कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर फूंका पीएम का पुतला
रसोई गैस के बढ़े दामों को वापस लेने की मांग
---फोटो 9 : महंगाई के विरोध में जनसभा को संबोधित करती महिला कांग्रेस महासचिव व नगर पार्षद डा. नीना राठी।
---फोटो 10 : रसोई गैस कीमत बढ़ोतरी वापस लेने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री का पुतला फूंकती महिला कांग्रेसी।
---फोटो 11 : रसोई गैस कीमत बढ़ोतरी वापस लेने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री का पुतला फूंकती महिला कांग्रेसी।----------------