खंड स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में निकिता अव्वल
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
दादरी स्थित बौंद खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शनिवार को खंड स्तरीय विज्ञान भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता बीईओ प्रकाश फौगाट ने की। प्रतियोगिता के दौरान स्वच्छता अभियान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की भूमिका, संभावनाएं एवं चुनौतियां विषय विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने विचार रखे। प्रतियोगिता का संचालन ब्लाक साइंस कोआर्डिनेटर अनिल शर्मा रसायन प्रवक्ता ने किया।
बीईओ प्रकाश फौगाट ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से बालकों का सर्वांगीण विकास होता है। शिक्षा के साथ इन प्रतियोगिताओं से प्रतिभा निखरती है। अनिल शर्मा ने बताया कि भाषण प्रतियोगिता में राकवमावि ढाणी फौगाट की छात्रा निकिता प्रथम, राकवमावि भागवी की तनाशा द्वितीय, रावमावि अचीना के छात्र अंकित तीसरे और राउवि मोरवाला की छात्रा पूजा ने चौथा स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को बीइओ प्रकाश फौगाट, प्रवक्ता अनिल शर्मा, राजेश फौगाट सहित अन्य शिक्षकों ने पुरस्कृत किया।