अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
नगर स्थित केएन सीनियर सेेकंडरी स्कूल में रक्षाबंधन के उपलक्ष्य मेें राखी मेकिंग प्रतियोगिता हुई। इसका शुभारंभ संस्था निदेशक प्रीतम सिंह, चेयरमैन राजपाल सिंह और स्कूल चेयरपर्सन ज्योति ने किया। इस दौरान बच्चों ने शिक्षकों की देखरेख में राखियां बनाईं। चेयरपर्सन ज्योति, डीपीई कमलेश, सोनिया, अध्यापिका देवराणा, सुखवीर सिंह, प्रदीप, प्रिया ने बच्चों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई देते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
एससीआर स्कूल चरखी में रक्षा बंधन पर्व के उपलक्ष्य में बच्चों ने राखी बनाई और अपने मित्र-भाइयों को बांधी। इस दौरान नैतिक मूल्यों से संबंधित पुस्तकें बच्चों को उपहार में दी गई। रक्षा बंधन के उपलक्ष्य में सभी विद्यार्थी रंग-बिरंगे कपड़े पहन कर आए और विभिन्न प्रकार की मिठाइयां बच्चों को बांटीं। प्रिंसिपल नरसिंह चाहार ने रक्षाबंधन के मूल्यों को समझाया।
गांव मौड़ी के नवयुग बचपन स्कूल में राखी पर्व मनाया गया। स्कूल की प्रिंसिपल अर्चना जाखड़ ने कहा कि आज बढ़ते हुए भौतिकतावाद ने हमें अपनी संस्कृति से दूर करने का काम किया है। समाज अपनी प्राचीन परंपराओं को भूलता जा रहा है। यदि हम सब मिलकर इस प्रकार के प्रयास करें तो हमारे बच्चों में भी इन त्योहारों के प्रति लगाव पैदा होगा। नर्सरी कक्षा की ग्रेसी फौगाट, दीक्षा जांघु, चैंसी श्योराण, वेदायंशी डुडी ने अपने-अपने भाइयों तेजस, अर्पित, प्रदीप, खिलेश, नितिन, इशांत, तिलक आदि की कलाइयों पर राखी बांधी। स्कूल संचालक सोमवीर जाखड़ ने पर्व की बधाई दी।
गांव घिकाड़ा स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में ज्वायफुल डे मनाया गया। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि दादरी नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा प्रबंधक आशा देसाई ने शिरकत की। आयोजन की अध्यक्षता प्राचार्य विनोद कुमार ने की। कार्यक्रम संचालन विज्ञान अध्यापक आनंद शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि आशा देसाई ने कहा कि योग करने से मानसिक तनाव से मुक्ति मिलने का मार्ग प्रशस्त होता है। यह स्फूर्ति का संचार हमारे शरीर में करता है। नियमित तौर पर योग को अपनाने से बीमारियों से भी हमारा बचाव होता है। इसलिए अपने जीवन में योग को अवश्य ही स्थान दे। इसके साथ ही उन्होंने बैंक की कार्यप्रणाली के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां बच्चों को दीं। इस दौरान उन्होंने बेटी बचाओ ,बेटी पढ़ाओ का आह्वान भी किया।
रक्षाबंधन के पर्व के उपलक्ष्य में एचडी पब्लिक स्कूल बिरोहड़ की छात्राओं ने राखियां बनाईं। राखी बनाओ प्रतियोगिता में छात्रा मुस्कान, लीली, हर्षिता, प्रिया, ईशा, मुस्कान, दीपिका, नैसी, हिमांशी, तनुज, कृष ,आशीष, पूजा, अमन, सुमन, किरण, तनीषा, रिंशु, अनुराधा, पूजा, कुसुम, नीलम, प्रीति, निकिता, दीपक ,सुनाली, आस्था, कोमल, पूर्वी, अंकिता ने सुंदर राखियां बनाई। शास्त्री हरिओम शर्मा ने बताया कि रक्षा बंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पावन पर्व है। संस्था संचालक बलराज फौगाट ने कहा कि राखी महज एक धागा नहीं है, यह भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक है।
गांव सांवड़ स्थित बाल शिक्षा निकेतन स्कूल में रक्षाबंधन पर्व पर मेहंदी प्रतियोगिता एवं राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में स्वीटी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शबनम और कंचन ने द्वितीय, शिवानी और पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राखी बनाओ प्रतियोगिता में दीक्षा प्रथम, दीक्षा ने द्वितीय और तानिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक शिव कुमार भारद्वाज ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए राखी के पर्व के महत्व के बारे में बताया। इस अवसर पर भतेरी, मुकेश, रसना, गायत्री, पूनम, संगीता, कुसुम, अर्चना आदि मौजूद थी।