छात्रा का कोरोना टेस्ट करते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- फोटो : Jhjhar
जिले में वीरवार को चार विद्यार्थियों सहित 23 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। कोरोना मरीजों का ग्राफ पिछले पांच दिन में कम हुआ है, लेकिन मृत्य दर में कुछ बढ़ोतरी हुई है।
झज्जर जिले में वीरवार की शाम तक 5612 कोरोना संक्रमित लोग मिल चुके हैं। इनमें से 5422 लोग ठीक भी हो चुके हैं, जबकि 75 लोगों की मौत हो चुकी है। इस समय जिले में 115 एक्टिव मामलेे हैं, जिनमें से 47 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं 68 लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। एक मरीज वेंटिलेटर पर चल रहा है। 3942 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। अभी तक जिले में 218263 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 208536 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वीरवार को आई रिपोर्ट के अनुसार 29 लोगों ने कोरोना को मात दी है। वीरवार को जिन विद्यार्थियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें दो छात्र और दो छात्राएं हैं।
साढ़े सात हजार विद्यार्थी पहुंचे स्कूल
दूसरी तरफ कोरोना गाइड लाइन के तहत स्कूलों को खोला गया है। शिक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक फिलहाल 15 प्रतिशत विद्यार्थी स्कूलों में पहुंच रहे हैं। दसवीं और 12 वीं कक्षा के करीब 40 हजार विद्यार्थियों में से फिलहाल साढ़े सात हजार ही स्कूल पहुंच रहे हैं। सरकार द्वारा विद्यार्थियों को मेडिकल जांच के बाद ही स्कूलों में जाने के आदेश दिए गए हैं। दिनभर अस्पतालों में मेडिकल बनवाने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ लगी रहती है। बच्चों को सर्दी के मौसम में मेडिकल करवाने के लिए घंटों लाइन में खड़े होना पड़ रहा है।
फिलहाल कोरोना के केसों में कमी आई है, लेकिन मृत्यु दर में कुछ बढ़ोतरी हुई है। लोगों को कोरोना को लेकर पूरी तरह से सावधानी बरतने की आवश्यकता है। सावधानी से ही बचाव है।
डा. संजय दहिया, सीएमओ, झज्जर।