अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। जिले में होली के त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करवाने के लिए पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। एसएसपी अशोक कुमार द्वारा जिला के सभी थाना प्रबंधकों, अपराध जांच शाखा झज्जर, अपराध जांच शाखा प्रथम व द्वितीय बहादुरगढ़ के प्रभारियों तथा जिला के सभी चौकी प्रभारियों को होली के त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न करने के लिए सुरक्षा के मद्देनजर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिले में होली पर्व के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर निगरानी व सतर्कता के साथ गश्त करने के कड़े निर्देश जारी किए है। बदनियती से हुड़दंग करने, किसी तरह की अफवाह फैलाने अथवा शांति भंग करने की नियत से जानबूझकर कानून का उल्लंघन करने वाले शरारती असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले के मुख्य-मुख्य चौक चौराहों तथा संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी की जाए। घनी आबादी वाली कॉलोनियों में जहां पर झगड़ा होने की संभावना हो ऐसे स्थानों पर कड़ी निगाह रखी जाए।
एल्को मीटर से होगी वाहन चालकों की जांच
प्रबंधक थाना यातायात बहादुरगढ़ तथा यातायात प्रभारी झज्जर अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी करके वाहन चालकों को एल्को मीटर द्वारा चेक करेंगे। शराब पीकर वाहन चलाने वाले तथा साइलेंसर से पटाखे बजाते हुड़दंग करते हुए दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए ताकि कोई अप्रिय घटना घटित न हो।
महिला पुलिसकर्मी भी रहेंगी तैनात
महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस कर्मचारियों को भी सार्वजनिक स्थानों तथा चौक चौराहों पर तैनात किया जाए। जिससे की छेड़छाड़ अथवा अन्य किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। सादे कपड़ों में सुरक्षा शाखा के कर्मचारी भी चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगे।
हर थाने में रहेगा रिजर्व पुलिस बल
किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने अथवा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक थाना में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को रिजर्व रखा जाएगा। जिससे कि किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जा सके। सभी थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्ज स्वयं भी अपने-अपने इलाकों में चौकसी रखते हुए गश्त पर तैनात रहेंगे।