चरखी दादरी। शिक्षा नियम 134- ए के तहत कक्षा दूसरी से आठवीं कक्षा में प्राइवेट व गैर सरकारी स्कूलों में दाखिला के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि चार अप्रैल निर्धारित की गई है। इससे पूर्व सभी प्राइवेट स्कूलों के संचालकों को स्कूलों में रिक्त पदों की सूची स्कूल की वेबसाइट व डिस्पले बोर्ड पर लगानी होगी। बीईओ कुलदीप सिंह ने बताया कि शिक्षा नियम 134-ए के तहत दाखिला के लिए 28 मार्च से आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह आवेदन चार अप्रैल तक बीईओ कार्यालय में जमा होने हैं। आवेदन के बाद योग्य छात्रों की सूची पांच अप्रैल को बीईओ कार्यालय में जारी कर दी जाएगी। बाद में इन योग्य छात्रों की खंड मुख्यालय पर निर्धारित स्कूलों में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा का परिणाम 11 अप्रैल को घोषित किया जाएगा। दाखिला के लिए प्रथम ड्रॉ 12 अप्रैल को खंड स्तर पर निकाला जाएगा। प्रथम ड्रॉ में चयनित छात्र 15 से 18 अप्रैल तक अलॉट स्कूल में अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। तत्पश्चात रिक्त सीटों के लिए दूसरा ड्रॉ 20 अप्रैल को निकाला जाएगा। दूसरे ड्रॉ के तहत चयनित छात्र 22 से 25 अप्रैल तक अलॉट किए गए स्कूल में जाकर अपना दाखिला करवा सकेंगे। बीईओ कुलदीप सिंह ने बताया कि अगर दूसरे ड्रॉ के बाद भी रिक्त सीटें रहती हैं तो संबंधित विद्यालय प्रबंधकों को बीईओ कार्यालय में जिला स्तरीय कमेटी को यह ब्योरा उपलब्ध करवाना होगा।