चरखी दादरी। एशियन गेम्स में सोमवार को इतिहास रचने वाली छोटी बहन विनेश फौगाट को मिली स्वर्णिम कामयाबी की खुशी बड़ी बहन गीता फौगाट ने ट्वीट के जरिए सांझा की। उन्होंने विनेश को गोल्ड मेडल जीतने पर ट्वीट के जरिए बधाई दी। इसके बाद तो उनके ट्वीट पर बधाईयों का सिलसिला शुरू हो गया। आमिर खान, अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार जैसे बॉलीवुड अभिनेताओं सहित क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी विनेश को जीत की बधाई दी। अभिनेता आमिर खान ने अपने ट्वीट में दंगल फिल्म का डायलॉग ‘म्हारी छोरियां छोरों से कम हैं के’ दोहराया। इसके जवाब में द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर फौगाट ने रि-ट्वीट करते हुए लिखा कि म्हारी छोरियां छोरों से चार कदम आगे है जी। उनके इस नए डायलॉग पर हजारों लोगों ने लाइक्स और रि-ट्वीट किया।
ज्ञात रहे गोल्डन गर्ल विनेश फौगाट ने सोमवार को जकार्ता में आयोजित एशियाई खेलों की कुश्ती स्पर्धा के 50 किलोग्राम कैटेगिरी में चीनी पहलवान सुन यानन को पटखनी देकर गोल्ड मेडल हासिल किया। विनेश की इस कामयाबी से फौगाट परिवार में खुशी लहर है। विनेश के पैतृक गांव बलाली में देर रात तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इस खुशी को फौगाट फैमिली की बड़ी गीता ने ट्वीट पर साझा किया। गीता ने अपने ट्वीट में लिखा- छोटी बहन विनेश फौगाट ने एशियन गेम्स में मैडल जीतकर रचा इतिहास। बनी गोल्ड जीतने वाली पहली महिला पहलवान। बहुत-बहुत बधाई। गीता फौगाट के इस ट्वीट पर मंगलवार दोपहर ढाई बजे तक 4008 री-ट्वीट आए और 28 हजार से ज्यादा लोगों ने इस ट्वीट को लाइक किया। रि-ट्वीट करने वाले में कई दिग्गज हस्तियां भी शामिल हैं। विनेश के चचेरे भाई राहुल फौगाट ने बताया कि अभिनेत्री प्रीति जिंटा, शिल्पा शेट्टी, अनुपम खेर और फरान अख्तर ने भी ट्वीट कर विनेश को बधाई दी है।
इन हस्तियों ने ट्वीट कर दी बधाई
हमें गर्व है भारत की महिलाओं पर, और आज विनेश ने हमारा सिर ऊंचा कर दिया।
-अमिताभ बच्चन, अभिनेता
विनेश को एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने पर बधाई। हम सबको आप पर गर्व है। म्हारी छोरियां छोरों से कम है के।
-आमिर खान, अभिनेता
एक बात याद रखना बेटी, गोल्ड जीती तो मिशाल बन जाओगी और मिसालें दी जाती हैं, भुलाई नहीं जातीं। अपने देश का झंडा सबसे उपर लेकर जाना है।
-पहलवान महावीर फौगाट, द्रोणाचार्य अवार्डी
गोल्डन गर्ल को बधाई। एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली महिला रेसलर बनने पर विनेश फौगाट को बधाई।
-अक्षय कुमार, अभिनेता