अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा शुक्रवार को कई सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत करने बादली पहुंचे। यहां लोगों से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर गांवों के विकास कार्यों को रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के प्रति पूरी तरह से उदासीन है। उन्होंने कहा कि पूर्व भूपेंद्र सिंह हुड्डा के दस साल के कार्यकाल में प्रदेश ने भाईचारे की नींव पर विकास के मामले में जो गति पकड़ी थी। अब पिछले तीन साल में भाजपा सरकार ने उस पर ब्रेक लगा कर अब रिवर्स गीयर से पीछे ले जाने का काम किया है। विकास और जनहित के काम पूरी तरह ठप हैं।
सांसद ने बताया कि एक आरटीआई के हवाले से खुलासा हुआ है कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जहां एक तरफ हुड्डा सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2004-05 से लेकर वर्ष 2013-14 तक अकेले झज्जर जिले में 203 करोड़ रुपये की लागत से कुल 434 किमी गांवों की सड़कों का निर्माण करवाया गया था। प्रति वर्ष 20 करोड़ की लागत से 45 किमी सड़कों का निर्माण होता था। वहीं, दूसरी ओर भाजपा के तीन साल के कार्यकाल में यह आंकड़ा शून्य है। जिन परियोजनाओं को उन्होंने स्वयं मंजूर करवाया था। भाजपा सरकार उन पर भी काम चालू नहीं करवा सकी।
सांसद ने बताया कि बराही, मातन, भापड़ोंदा, छारा के लिए उन्होंने स्वयं एनसीआर प्लानिंग बोर्ड से बाईपास मंजूर करवाया था और इन बाईपास के काम के लिये पैसा भी मंजूर करवा दिया गया था मगर भाजपा के आने के बाद इन बाईपास के काम को इसकी जरूरत न होने का बहाना बताकर रद्द कर दिया है।