अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
पंचायत मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि गांवों को स्टार रेटिंग देने से गांवों की सूरत में निश्चित तौर पर बदलाव होगा। समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने में समाज, खापों और संगठनों की सदा विशेष भूमिका रही है।
रविवार को पूर्व विधायक नफे सिंह राठी के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होने आए पंचायत मंत्री ओपी धनखड़ ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि गांव में बदलाव और विकास के लिए सरकार प्रयास करती है। मगर गांव के लोग अपने स्तर पर भी गांव की सूरत में बदलाव ला रहे हैं। शिक्षित पंचायतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कई शिक्षित सरपंचों ने अपने स्तर पर अलग काम करके मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में ग्रामीण विकास के लिए तरुण (गर्वित) एक संगठन खड़ा किया है। इस संगठन के माध्यम से सामाजिक कार्यों में गांव के लोगों की सहभागिता बढ़ेगी।
मंत्री ने कहा कि इसी प्रकार गांव में हमने बदलाव के लिए स्टार रेटिंग आरंभ की है। गणतंत्र दिवस पर योजना लांच की है। पंचायत विभाग की साइट पर स्टार के लिए पंचायतें आवेदन कर सकेंगी। फिर दावों की पड़ताल विशेष टीमों द्वारा होगी। जिसके बाद 23 मार्च को रेटिंग दी जाएंगी। धनखड़ ने कहा कि हमारा प्रयास है कि गांव के लोगों की सामाजिकता में सहभागिता बढ़े। गांव अपने लेवल पर कार सेवा करें तो बेहतर बदलाव आ सकता है। इससे समाज मे भाईचारा भी बढ़ेगा। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रविभान राठी, पार्टी नेता राजपाल शर्मा व नगर पार्षद इंद्र कुमार नागपाल आदि मौजूद रहे।