सीएम मनोहर लाल 27 को आएंगें दादरी, तैयारियां शुरू
चरखी दादरी।
प्रदेश के मुखिया 11 माह बाद 27 अगस्त को दूसरी दफा दादरी आएंगे। सीएम का कार्यक्रम तय हो चुका है। प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीएम इस बार दो दिन रुकेंगे और स्वयं अधिकारियों से अपनी घोषणाओं की प्रति रिपोर्ट जानेंगे। सीएम मनोहर लाल के दो दिवसीय प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए डीसी विजय कुमार सिद्प्पा ने सभी विभागाध्यक्षों को आदेश जारी कर दिए हैं। इन आदेशानुसार सभी विभागों को सीएम घोषणाओं पर अब तक की गई कार्रवाई का ब्यौरा तैयार करना होगा।
उपायुक्त के निर्देशानुसार बाढड़ा के एसडीएम सत्यवान सिंह मान ने वीरवार को बाढड़ा में बनने वाले राजकीय महिला महाविद्यालय के भवन व अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। एसडीएम मान ने बताया कि उपायुक्त विजय कुमार सिद्प्पा ने जिला के सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं कि अधिकारी मुख्यमंत्री द्वारा घोषित विकास कार्यों को पूरा करवाने में तत्परता दिखाएं। मुख्यमंत्री आगामी 27 व 28 अगस्त को दादरी आकर घोषणाओं पर किए जा रहे कार्यों की प्रगति के बारे में सीधे अधिकारियों से जानकारी लेंगे। एसडीएम मान ने बाढड़ा में बनने वाले महिला महाविद्यालय और स्नातक महाविद्यालय के भवन निर्माण कार्य की समीक्षा की तथा अधिकारियों से भवन के पूरा होने की समय सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर बाढड़ा के नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, कॉलेज प्राचार्य सतबीर सिंह, दयानंद, जिला पार्षद अनिल आदि उपस्थित थे।