अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शिक्षा के नियम 134-ए के तहत जरूरतमंद परिवारों के मेधावी बच्चों के निजी स्कूलों में दाखिले के लिए बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सूची लगाई गई। कुल 1121 विद्यार्थियों में से 557 बच्चों ने परीक्षा पास की। परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को किन स्कूलों में दाखिला मिला, आज वीरवार को इसकी सूची जारी होगी। 20 से 25 अप्रैल तक परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को स्कूलों में दाखिला लेना होगा।
बुधवार को बीईओ कार्यालय में नियम 134-ए के तहत लगाई जाने वाली सूची के इंतजार में लोग दिन भर खड़े रहे। कई अभिभावक तो सुबह के समय ही यहां पहुंच गए थे और सूची लगने का इंतजार करना शुरू कर दिया था। अभिभावकों को बीईओ कार्यालय से दोपहर 2 बजे तक सूची लगाने की जानकारी दी गई। मगर उनका इंतजार तब और लंबा हो गया, जब दोपहर तीन बजे तक भी सूची नहीं लगाई गई। करीब चार बजे सूची लगाई गई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जिन अभिभावकों के बच्चों का सूची में नंबर था वह तो खुश हो गए और जिनका नहीं था वे मायूस होकर अपने घरों की ओर लौट गए।
गौरतलब है कि रविवार को रेलवे रोड पर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा हुई थी। निजी स्कूलों में दाखिले के लिए 1174 विद्यार्थियों ने एप्लाई किया था। जबकि 1121 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें 53 विद्यार्थी गैर हाजिर रहे थे। दाखिला कमेटी के सदस्य सतीश शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा दी गई परीक्षा का 18 अप्रैल बुधवार को परिणाम घोषित किया गया। 19 अप्रैल को खंड स्तर पर पहला ड्रॉ होगा। पहले ड्रा में शामिल विद्यार्थी 20 से 25 अप्रैल तक दाखिला ले सकेंगे। बाकी सीटों के लिए दूसरा ड्रॉ एक मई को निकलेगा। दूसरे ड्रॉ में शामिल विद्यार्थियों को दो से पांच मई तक दाखिला लेना होगा। दाखिला संबंधी फाइनल सूची 12 मई को तय होगी। खंड शिक्षा अधिकारी मदन चोपड़ा ने कहा कि नियमानुसार पूरी प्रक्रिया कर ली गई है। बुधवार को सूची भी लगाई गई।
कक्षा वार यह है विद्यार्थियों द्वारा परीक्षा पास करने का आंकड़ा
कक्षा पास विद्यार्थी
दूसरी 107
तीसरी 122
चौथी 22
पांचवीं 33
छठी 59
सातवीं 41
आठवीं 28
नौवीं 76
10वीं 39
12वीं 10