अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
पुलिस के द्वारा भ्रष्टाचार के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी बिजली विभाग के एक एसडीओ व एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
डीएसपी झज्जर अजमेर सिंह के नेतृत्व में टीम द्वारा बिजली विभाग के एसडीओ सहित दोनों आरोपियों को झज्जर से गिरफ्तार किया गया। उप पुलिस अधीक्षक झज्जर अजमेर सिंह ने बताया कि बिजली विभाग के एक्सईएन झज्जर द्वारा दी गई शिकायत पर थाना झज्जर में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार व बिजली अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल 2017 को थाना झज्जर में दी गई शिकायत के मुताबिक झज्जर बादली रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप मालिक से तत्कालीन एसडीओ सुरेश कुमार व अनुबंध के आधार पर ली गई गाड़ी के चालक अनिल कुमार निवासी बोड़िया ने 40 हजार रुपये बतौर रिश्वत लिए थे। जिस के संबंध में शिकायत मिलने पर बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों की विशेष टीम द्वारा जांच की गई थी। जिसमें उपरोक्त एसडीओ व उनका चालक भ्रष्टाचार के मामले में दोषी पाए गए थे। जिस पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना झज्जर में 23 अप्रैल 2017 को भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम व बिजली अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वर्जन
मामले के वांछित आरोपी सुरेश पुत्र माईचंद निवासी गांव नैना जिला सोनीपत हाल एसडीओ बिजली विभाग यमुनानगर व उनके तत्कालीन गाड़ी चालक अनिल पुत्र रामनिवास निवासी गांव बोड़िया जिला झज्जर को झज्जर से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए उपरोक्त दोनों आरोपियों को अदालत झज्जर में पेश किया गया। अदालत के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया।
- अजमेर, डीएसपी, झज्जर।