बहादुरगढ़। अगर किसी शहरवासी को कहीं गंदगी दिखे तो उसकी शिकायत अपने सफाई दरोगा को करें, सफाई हो जाएगी। जी हां, अब शहरवासी सीधे दरोगा को कॉल कर गंदगी साफ करवा सकते हैं। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर परिषद ने सफाई दरोगाओं के नंबर जारी किए हैं। सोशल मीडिया के अलावा शीघ्र ही दरोगाओं के नंबर संबंधित वार्ड के प्रमुख स्थानों पर अंकित किए जाएंगे। अगर सफाई दरोगा इस काम में अनदेखी करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
स्वच्छता सर्वे की तिथि नजदीक आ रही है। अच्छी रैंक लाने के लिए प्रशासन भी सक्रिय हो रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सीएमजीजीए) तानिया ने नगर परिषद अधिकारियों व शहर के सामाजिक संगठनों की बैठक ली। बैठक में मिले सुझावों के आधार पर नगर परिषद अधिकारियों ने परिषद के सभी दरोगाओं व सफाई निरीक्षक के मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिए हैं। अगर कहीं पर भी गंदगी दिखे तो शहर वासी इन मोबाइल नंबरों पर शिकायत कर सकते हैं। सफाई दरोगा अगर सफाई न करवा सके तो इसकी शिकायत सफाई निरीक्षक को की जा सकती है। शिकायत मिलने पर 24 घंटे में समाधान कराया जाएगा।
व्हाट्सएप ग्रुप भी बनेगा
सीएमजीजीए ने अधिकारियों को एनजीओ सदस्य, पार्षद व अन्य प्रोमिनेंट लोगों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए ताकि इस ग्रुप में आने वाली शिकायतों का समाधान तुरंत किया जा सके। बैठक में क्लीन एंड ग्रीन संस्था के सदस्यों ने सफाई से जुड़े कई सुझाव बताए जिन पर अमल करने के निर्देश अधिकारियों को मौके पर ही दिए गए।
जनवरी में शुरू होगा सर्वे
प्रदेश में 4 से 31 जनवरी तक स्वच्छता सर्वे किया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से गठित टीमें इस दौरान शहरों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लेंगी। नप की ओर से स्वच्छता सर्वेक्षण के पोर्टल पर सिटी प्रोफाइल अपलोड की जा रही है और सफाई से जुड़े अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं। इसी के चलते बुधवार शाम को सीएमजीजीए तानिया ने नगर परिषद के अधिकारियों व सफाई के मामलों से जुड़ी क्लीन एंड ग्रीन संस्था के सदस्यों की बैठक ली।
वार्ड वाइज दरोगाओं के नंबर किए सार्वजनिक
दरोगा का नाम फोन वार्ड
सुरेश 9671942306 19,17,20
उमेद 9354370256 20,21
वेदपाल 9896079227 12,14,16,17
होशियार 9315801582 23,26,27,30
नंदराम 8059074196 25,13
मुकेश 9813054851 18,22,28
सोनू 9050707494. सेक्टर-2,6,9
ऋषि 9034553192 1 से 10
जयभगवान 8684864169 24,15
फकीरचंद 8930448843 11,31
शहर को स्वच्छ बनाने के लिए परिषद अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रही है, आमजन भी सहयोग दें। यदि किसी वार्ड में गंदगी की समस्या है या सफाई नियमित नहीं होती तो अपने दरोगा के नंबर पर शिकायत करें। जल्द ही दरोगा और सफाई निरीक्षक के नंबर वार्ड के प्रमुख स्थानों पर अंकित किए जाएंगे। यदि दरोगा कुछ नहीं कर पाता है तो नगर परिषद के सफाई निरीक्षक को शिकायत करें। समस्या का समाधान किया जाएगा।
अपूर्व चौधरी ईओ, नगर परिषद बहादुरगढ़
-