झज्जर। सांसद अरविंद शर्मा ने आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत विपक्ष के गठबंधन की संभावनाओं टिप्पणी करते हुए कहा है कि इन चुनावों में गठबंधन कोने में धूल फांकते नजर आएंगे, अगर लोगों को दिखाई देगा तो वह होगा कमल का फूल। सांसद अरविंद शर्मा शुक्रवार को जिले के कस्बा बेरी में अपनी जीत का आभार जताने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच आए थे। कार्यकर्ताओं के बीच जाने से पहले सांसद शर्मा ने परिवार सहित माता भीमेश्वरी देवी के चरणों में मत्था टेका। बाद में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे सांसद शर्मा ने पूरे बेरी हलके के लोगों के साथ-साथ भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि जनमत के अपार प्यार व कर्मठ कार्यकर्ताओं की मेहनत के बलबूते पर ही वह संसद पहुंचे है।
गठबंधन की राजनीति अब फेल
सांसद शर्मा ने कहा कि हुड्डा परिवार से इनेलो सुप्रीमो का उमड़ रहा प्रेम आगामी विधानसभा चुनावों में विपक्ष का गठबंधन होने की तरफ इशारा करता है। लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि इस प्रकार के गठबंधन यूपी में भी हुए थे। लेकिन वहां की जनता ने जिस तरह से गठबंधन को धूल चटाने का काम किया था वैसा ही हरियाणा में भी होगा।
चौटाला का बयान राजनीतिक बौखलाहट
सीएम के खिलाफ चौटाला द्वारा की जा रही भाषा के इस्तेमाल को सांसद शर्मा ने उनकी राजनीतिक बौखलाहट बताया। उन्होंने कहा कि चौटाला अपना मानसिक संतुलन खो चुके है। रोहतक संसदीय क्षेत्र में विकास कराने के मसले पर सांसद ने कहा कि वह पूरे संसदीय क्षेत्र का दौरा कर रहे है और लोगों से फीडबैक ले रहे है। प्रयास यहीं है कि विकास का पहिया किसी तरह से रुकने न पाए। इस मौके पर उनके साथ बेरी मार्केट कमेटी के अध्यक्ष मनीष शर्मा, भाजपा के झज्जर जिला महासचिव मनीष बंसल, झज्जर पालिका उपाध्यक्ष प्रवीण गर्ग, रतन सागर, पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि बिल्लु पहलवान भी मौजूद थे।