बादली। क्षेत्र से गुजरने वाली दुल्हेड़ा माइनर में खेड़का गुर्जर के पास युवक का शव मिला है। शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है।
रविवार की सुबह किसान जब खेतों में जा रहे थे तो खेड़का गुर्जर गांव से गुजर रही दुल्हेड़ा माइनर में एक व्यक्ति का शव को दिखाई दिया। किसानों ने शव की सूचना बादली पुलिस थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को माइनर से बाहर निकलवाया। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ करते हुए शव की पहचान के प्रयास किए मगर शव की पहचान नहीं हो सकी। बाद में पुलिस ने शव को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में भिजवाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बताया गया है कि शव सड़ी गली हालत में होने के चलते पहचान योग्य नहीं है जिसके चलते शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। हालांकि शिनाख्त और सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम की भी मदद ली गई।
पुलिस के अनुसार शव करीब 35 वर्षीय युवक का है। जो कि पीले रंग की शर्ट और काली पजामी पहने हुए है। हाथ पर एस भी खुदा हुआ है। पुलिस जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि शव की पहचान के लिए आसपास के ग्रामीणों और पुलिस थानों से भी मदद ली जा रही है। शव की शिनाख्त और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल शव को अस्पताल में रखवाया गया है।