बहादुरगढ़ के हर्षदीप ने राजस्थान में जीता गोल्ड मेडल
बहादुरगढ़।
उदयपुर राजस्थान के महाराजा भोपाल स्टेडियम में आयोजित नेशनल यूथ गेम्स गोल्डन कप चैंपियनशिप में बहादुरगढ़ के युवा पहलवान हर्षदीप सिंह ने अंडर-19 की 125 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। इस जीत के साथ ही हर्षदीप पुत्र कुलविंद्र सिंह का चयन आस्ट्रेलिया में होने वाली इंटरनेशनल चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है।
अब हर्षदीप आस्ट्रेलिया में कुश्ती के दाव पेंच लगाएगा। बहादुरगढ़ में होशियार सिंह स्टेडियम पहुंचने पर साथी पहलवानों, कोच सोलहा पहलवान व कृष्ण पहलवान ने पहलवान हर्षदीप का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। पहलवान हर्षदीप ने जीत का श्रेय अपने परिजनों व कोच को दिया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वह ऐसे ही शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश व देश के लिए पदक हासिल करेंगे। वहीं, पूर्व विधायक नफे सिंह राठी ने भी युवा पहलवान हर्षदीप को हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है। इस मौके पर कपूर सिंह राठी, रवि खत्री, कुलदीप राठी, रतन सिंह मोर, विपिन, देवेंद्र राठी, सूरजमल दलाल, योगेंद्र सैनी, भूरा पहलवान व विनय राणा आदि ने भी पहलवान हर्षदीप को हार्दिक बधाई दी है।