अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
गेहूं उठान को लेकर सांसद दीपेंद्र हुड्डा के द्वारा नाराजगी जताए जाने के बाद कार्य में तेजी लाई गई है। बुधवार को 4618 एमटी गेहूं का उठान किया गया। जबकि मंडी शुरू होने से अब तक केवल 4449 एमटी गेहूं का उठान हुआ था। पल-पल बदल रहे मौसम के मिजाज से आढ़ती व किसान परेशान चल रहे हैं क्योंकि मंडी में फैली अव्यवस्था की वजह से आढ़तियों का काफी गेहूं सोमवार को हुई बारिश में भीग गया था। वहीं बुधवार को 10993 एमटी गेहूं की जिले भर की मंडियों में खरीद की गई। मंडियों में अब तक 42660 एमटी गेहूं की आवक हुई है। जिसमें से 41380 एमटी गेहूं खरीदा जा चुका है। अब तक हुई खरीद का केवल 21 प्रतिशत ही उठान हुआ है।
-डीसी जांचने पहुंची व्यवस्था :
डीसी सोनल गोयल ने बुधवार को अधिकारियों को साथ लेकर अनाज मंडी का दौरा किया। डीसी ने दौरे के दौरान गेहूं खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को खरीद किए गए गेहूं के उठान कार्य में तेेजी लाने, खराब मौसम को देखते हुए मंडी में पहुंचे गेहूं को तिरपाल से ढककर रखने, मंडी में किसानों के लिए पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, मापतोल की ठीक से निरंतर निगरानी रखने, अनाज मंडी में सफाई व्यवस्था आदि बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्केट कमेटी विभाग यह सुनिश्चित करें कि प्रतिदिन के लिए तय की गई निर्धारित मात्रा में उठान हो। उपायुक्त ने जिला के सभी खरीद केंद्रों में हो रही सरकारी खरीद व उठान की प्रतिदिन की रिपोर्ट एसडीएम के माध्यम से जिला प्रशासन को प्रेषित करने के निर्देश भी दिए।
-मंडी में बुधवार को खरीद व उठान
मंडी खरीद उठान
आसौदा 0 82
बहादुरगढ़ 269 1532
बेरी 5420 2060
छारा 0 1600
ढाकला 0 205
झज्जर 0 3087
माजरा डी 5304 0
मातनहेल 0 501
कुल 10993 9067
वर्जन:
खरीद के साथ-साथ उठान में तेजी लाने के निर्देश जारी किए गए हैं। एसडीएम रोहित यादव उठान प्रक्रिया को मॉनिटर करेंगे। अगर उठान प्रक्रिया धीमी मिली तो संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार को तुरंत निर्देश जारी किए जाएंगे।
सोनल गोयल, डीसी, झज्जर।