झज्जर। प्रदेश सरकार के आदेश पर 20 सितंबर से पहली से तीसरी कक्षा तक के सरकारी और प्राइवेट स्कूल खुल जाएंगे। इन कक्षाओं को शिक्षा विभाग की ओर से जारी एसओपी का पालन करते हुए चलाया जाएगा। सोमवार को जिले के 292 सरकारी स्कूलों में 13795 विद्यार्थी पहुंचेंगे। स्कूलों में बच्चों के आगमन को लेकर सभी प्रकार की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन के पालन में राज्य के स्कूलों को बंद किया गया था। छठी से बारहवीं तक की कक्षाओं को 23 जुलाई को शुरू किया गया था जबकि चौथी और पांचवीं की कक्षाओं को एक अगस्त को खोला गया था। अब 20 सितंबर से पहली से तीसरी तक की कक्षाएं शुरू होंगी। लॉकडाउन के बाद पहली से तीसरी तक के विद्यार्थी भी अब स्कूलों में पहुंचेंगे। हालांकि जिले में प्राइवेट स्कूलों की संख्या कहीं अधिक है और बच्चों की संख्या भी सरकारी स्कूलों की अपेक्षा अधिक हैं। इन स्कूलों में भी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
नियमों का करना होगा पालन
गृह मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार, माता-पिता की पूर्व स्वीकृति के साथ छात्र को स्कूल में आने की अनुमति होगी। स्कूल में हर छात्र के तापमान की जांच होगी। सामान्य से अधिक तापमान वाले किसी भी छात्र या आगंतुक को स्कूल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
वर्जन
सरकार की तरफ से पहली से तीसरी तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए स्कूल खोलने की अनुमति दे दी है। कोरोना के नियमों का पालन करते हुए सोमवार से बच्चे स्कूलों में पहुंचेंगे।
- श्याम लाल पूनिया, डीसी, झज्जर।