अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। शहर की आठ जर्जर और खस्ताहाल सड़कों के दिन जल्द फिरने वाले हैं। इन सड़कों के बनने से करीब 40 हजार वाहन चालकों की दिक्कतें दूर होंगी। अगले सप्ताह नप पांच करोड़ के टेंडर लगाएगी। 18 विकास कार्यों का एस्टिमेट तैयार किया जा चुका है। इनकी प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृति भी नगर परिषद को हेड ऑफिस से मिल चुकी है। नप के अनुसार अगले दो से तीन माह में ही प्रोजेक्ट के सभी काम पूरे हो जाएंगे। वहीं, इस प्रोजेक्ट के तहत नगर परिषद कालेज रोड पर भी फुटपाथ का निर्माण कराएगी।
गत दादरी दौरे पर सीएम मनोहर लाल ने शहरी विकास के लिए नगर परिषद को दस करोड़ की ग्रांट दी थी। यह ग्रांट सरकार नगर परिषद के खाते में डाल चुकी है। पिछले सप्ताह ही नगर परिषद ने दो चरणों में लगाए 6.90 करोड़ रुपये के टेंडर अलॉट कर निर्माण कार्य शुरू करने के वर्क ऑर्डर जारी किए हैं। इसके चलते कुछ एजेंसियों ने गली निर्माण का काम भी शुरू कर दिया है। पहले दो चरणों में लगाए टेंडर से शहर की 125 गलियों का निर्माण करवाया जाएगा। इनमें से 47 गलियां तो ऐसी हैं जो अब तक कच्ची थीं और पहली दफा पक्की होंगी। शहरी विकास की प्लानिंग में नगर परिषद ने अब तीसरे चरण के टेंडर लगाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीसरे चरण में पांच करोड़ के टेंडर लगाए जाएंगे और इसके तहत अलग-अलग जगहों पर 18 विकास कार्य करवाए जाएंगे। इस टेंडर में मुख्य रूप से शहर की प्रमुख सड़कों के निर्माण को वरीयता दी गई है। करीब सवा दो करोड़ की राशि से शहर की प्रमुख आठ सड़कों की कायाकल्प होनी है। इनमें पुराने शहर (हीरा चौक क्षेत्र) व पुरानी अनाज मंडी से जुड़ाव करने वाली सड़कें शामिल हैं। चेयरमैन संजय छपारिया का कहना है कि टेंडर के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं और अगले सप्ताह पांच करोड़ के टेंडर लगा दिए जाएंगे। इसके तुरंत बाद अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी कर वर्क ऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे।
47.27 लाख से हीरा चौक की दो सड़कें बनाई जाएंगी
हीरा चौक से पुरानी गोशाला और सरदार झाडू़ सिंह चौक की तरफ जाने वाली दोनों सड़कें पिछले लंबे समय ये कंडम पड़ी हैं। लोग कई दफा इनके निर्माण की मांग उठा चुके हैं। यह मांग अगले तीन महीनों में परवान चढ़ जाएगी। हीरा चौक से पुराना गोशाला चौक को जाने वाली सड़क निर्माण पर 24.03 लाख खर्च होंगे तो वहीं सरदार झाडू़ सिंह चौक की तरफ जाने वाली सड़क पर 23.20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन दोनों सड़कों से प्रतिदिन सात से आठ हजार वाहन चालक गुजरते हैं।
25 लाख से बनेगा रेलवे रोड
रोहतक फाटक से पुरानी अनाज मंडी की तरफ जाने वाली करीब सवा किलोमीटर लंबी सड़क पर इस समय जगह-जगह गड्ढे बने हैं। खासकर बिजली निगम कार्यालय से रेलवे स्टेशन तक महज 200 मीटर की दूरी में 50 से अधिक गड्ढे बने हैं। इसके चलते दोपहिया वाहन चालकों को परेशानियां झेलनी पड़ती है। अब जल्द ही इस खस्ताहाल सड़क से भी वाहन चालकों को छुटकारा मिल जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 25 लाख रुपये लागत आएगी।
82 .71 लाख से बनेगा पुराना झज्जर रोड
पुराना झज्जर रोड की भी अब नगर परिषद ने सुध ली है। यह सड़क करीब पांच सालों से निर्माण कार्य की बाट जोह रही है। इस सड़क पर ट्रैफिक का दबाव काफी है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। नगर परिषद 82.71 लाख रुपये इस सड़क के निर्माण पर खर्च करेगी।
ये काम भी होंगे पांच करोड़ के प्रोजेक्ट में
- स्टेडियम रोड पर 15.05 लाख से बनेगा फुटपाथ।
- 23.40 लाख से बनेगी सांसद धर्मवीर वाली गली।
- पीएच गोदाम से महेंद्रगढ़ रोड तक 44.22 से बनेगी सड़क।
- 6.75 लाख से चुंगी से गोशाला चौक तक लगेंगी लाइटें।
- चुंगी से गोशाला चौक तक 15.45 लाख से बनेगी सड़क।
- 21.36 लाख से बनेगी वैश्य स्कूल की तरफ जाने वाली सड़क।
- 33.30 लाख से वार्ड एक में नाले और गली का होगा निर्माण।
- मंगल मार्केट के सामने वाली सड़क पर खर्च होंगे 24.38 लाख।
- गामड़ी क्षेत्र में 34.64 लाख से बनाई जाएगी सड़क।
पांच करोड़ की ग्रांट नप के खाते में है। 18 कामों के एस्टिमेट तैयार करने के बाद प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। अगले सप्ताह इनके टेंडर लगा देंगे और इसके बाद वर्कआर्डर जारी कर काम शुरू करवा दिया जाएगा। सड़कें बनने के बाद 35 से 40 हजार वाहन चालकों को फायदा होगा। - संजय छपारिया, चेयरमैन, नगर परिषद