चरखी दादरी। शहर में सीवरेज के खराब हालातों के विरोध में पार्षदों और विधायक के अल्टीमेटम के बाद जनस्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है। विभाग जल्द ही ब्लाक सीवर लाइनों की सफाई के लिए दो दिन के लिए बड़ी सुपर सकर मशीन मंगवाने जा रहा है। इसके अलावा 13 कर्मचारियों की सफाई टीम भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों मेें लगा दी है। इतना नहीं ही विभाग ने एसटीपी के पंप और मोटर सेट भी ठीक करवा दिए हैं ताकि शहर से दूषित पानी का उठान हो सके।
सितंबर में हुई बारिश के बाद से शहर में सीवर के हालात बेहद खराब बने हुए हैं। शहर की अधिकतर सीवर लाइनों में ब्लाकेज की स्थिति है। इससे शहर से पानी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक नहीं पहुुंच पा रहा है। पानी की निकासी नहीं होने से वार्डों की गलियों में भी हालात खराब बने हैं। तिकोना पार्क, ढाणी ओवरब्रिज, चरखी दरवाजा, मेन बाजार, लाजपत राय चौक, दिल्ली रोड, रोहतक रोड सहित अन्य वार्डों में भी सीवर जाम है। इससे अब आम लोगों को ज्यादा परेशानी होने लगी है। गत सप्ताह पार्षद और इनेलो विधायक इस मामले में डीसी से मिले थे। डीसी के साथ इस समस्या को लेकर काफी तर्क वितर्क भी हुए थे। तत्पश्चात पार्षदों ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम प्रशासन और विभाग को दिया था। फिलहाल इस समस्या को लेकर पार्षदों के बीच मंथन चल रहा था। अब जनस्वास्थ्य विभाग ने शहर की सीवरेज की मेन लाइनों की ब्लाकेज खोलने के लिए सुपर सकर मशीन मंगवाने की तैयार कर ली है। दो -तीन दिनों में यह मशीन दो दिनों के लिए मंगवाई जाएगी। विभाग अधिकारियों का मानना है कि यह मशीन ही ब्लाकेज को खोल सकती है। इस मशीन का प्रेशर ज्यादा होने की वजह से लाइनों की पूरी तरह से सफाई हो जाती है। विभाग ने एसटीपी की खराब पड़ी मोटरों व पंप को ठीक करवा दिया है। जल्द ही यह पंप सैट वर्किंग में आ जाएंगे। इनमें दो 60 हार्स पावर और दो 30 हार्स पावर की मोटरें हैं। जैसे ही सुपर सकर मशीन से लाइनों की सफाई हो जाएगी इन मोटरों के जरिए शहर की सभी सीवरेज लाइनों से पानी का उठान कर दिया जाएगां
ढाणी फाटक पर चरमराई सीवर व्यवस्था, 13 कर्मचारी जुटे काम पर
इस समय शहर के विभिन्न भागों में 13 सीवरेज कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यह कर्मचारी सीरवेज में डि-सिल्टिंग का काम कर रहे हैं। सीवरेज में बनी गाद व कचरे आदि की निकासी कर रहे हैं ताकि छोटे स्तर की लाइनें साफ हो सकें। सोमवार को शबडर के ढाणी ओवरब्रिज पर सीवरेज के अचानक बैक मार दिए जाने से आसपास की मार्केट व सड़क मार्ग पर भारी मात्रा में दूषित पानी का जमाव हो गया। इससे आसपास का वातावरण भी प्रदूषित बन रहा है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों छात्रों का भी कालेज व स्कूलों में आनाजाना होता है।
जल्द ही सुपर सकर मशीन मंगवाई जा रही है। पहले सीवरेज की गाद निकाली जाएगी। पहले मेन लाइनों पर काम होगा। साथ-साथ गाद भी निकाली जाएगी। एसटीपी पर पंप सिस्टम को भी ठीक करवा दिया गया है। आने वाले पांच दिन में शहर की यह समस्या दूर कर दी जाएगी। - मंदीप, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग