अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
नगर के बाजारों में अतिक्रमण जैसी समस्या के समाधान के लिए बाजार सुधार समिति का गठन किया गया है। इस समिति में दुकानदार, रेहड़ी-पटरी वाले और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं। समिति अतिक्रमण हटाने में प्रशासन को मदद देगी।
नगर के लोगों ने बृहस्पतिवार को लोक निर्माण विभाग के स्थानीय विश्राम गृह में बाजारों में अतिक्रमण को लेकर बैठक की। बैठक में बाजार सुधार समिति का गठन किया गया। समिति के सदस्य नगर के दुकानदारों व रेहड़ी वालों को जागरूक करेंगे। मीटिंग में एसडीएम जगनिवास और नगर परिषद के अधिकारी भी शामिल थे। मीटिंग के बाद जारी बयान में कहा गया है कि समिति पहले नगर के दुकानदारों को जागरूक करेगी। इसके बावजूद किसी ने नियम तोड़े तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। प्रशासन से चालान कराए जाएंगे, फिर भी नहीं मानते हैं तो रेहड़ी वालों की रेहड़ियों को प्रशासन द्वारा जब्त कर लिया जाएगा जुर्माना भी लगाया जाएगा।
समिति का एक व्हाट्स ऐप ग्रुप भी बनाया गया है। समिति का कोई सदस्य बाजारों में जहां भी नियमों का उल्लंघन देखेगा तो उसका फोटो खींचकर ग्रुप में डाल देगा। उसके बाद नगर परिषद द्वारा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समिति में लिए गए फैसले के मुताबिक कोई दुकानदार किसी रेहड़ी वाले से रेहड़ी खड़ी करने के एवज में पैसे मांगता है तो इसकी शिकायत नगर परिषद में करें या बाजार सुधार समिति के सदस्यों को बताएं।
एसडीएम ने किया सहयोग का आह्वान
एसडीएम ने दुकानदारों व रेहड़ी वालों से सहयोग की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को ग्रिल और बरामदे के बीच में कोई भी सामान नहीं रखना चाहिए। बरामदा व पटरी राहगीरों के आवागमन के लिए खाली रखनी चाहिए। उन्होंने दुकानदारों व रेहड़ी वालों से अनुरोध किया है कि वे जितनी जल्दी हो सके, अपने दुकान के आगे से अतिक्रमण हटा लें और सामान को दुकान से बाहर न लगाएं। क्लीन एंड ग्रीन एसोसिएशन, भारत विकास परिषद व ह्यूमन सोसाइटी आादि संस्थाओं के कार्यकर्ता भी बाजार सुधार समिति में शामिल हैं।
- बाजार में अतिक्रमण करके रखे सामान को जब्त कराया जाएगा
- नगर परिषद से कराया जाएगा दोषी दुकानदार का चालान