शिक्षा मंत्री से स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन ने की मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन ने शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा से मिलकर प्रदेशभर में नियुक्त नॉन एचटेट एवं नॉन बीएड के तौर पर कार्य कर रहे 4600 स्कूली प्राध्यापकों को बीएड व एचटेट के लिए चार वर्ष का अतिरिक्त समय दिए जाने की मांग की। इस पर शिक्षामंत्री ने प्राध्यापकों की मांग को स्वीकार कर लिया है।
मंगलवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा के बीच इस विषय में बातचीत हुई। स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश प्रवक्ता अशोक शर्मा, कैथल से रविंद्र कुमार, सुभाष भारद्वाज, अंबाला से संतोष रानी, कैथल से कुशल कुमार चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास पर शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा से मिले।
शिक्षामंत्री के आमंत्रण पर ही हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल सदस्यों ने शिक्षामंत्री को बताया कि वे कांग्रेस सरकार के शासनकाल से प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। जिस समय उनकी नियुक्ति हुई थी उस समय इन प्राध्यापकों ने एचटेट की परीक्षा पास नहीं कर रखी थी। ये प्राध्यापक केवल अपने विषय में एमए पास ही थे। बीएड भी नहीं कर रखी थी। बाद में सरकार ने प्राध्यापक की नियुक्ति के लिए योग्यता एमए, बीएड व एचटेट उत्तीर्ण कर दिया था।
तत्पश्चात कांग्रेस सरकार ने इन प्राध्यापकों को बीएड करने व एचटेट परीक्षा पास करने के लिए चार वर्ष का समय दिया था। अब यह समय अवधि 31 मार्च को पूरी होने जा रही है।
शिक्षा मंत्री के समक्ष इन प्राध्यापकों ने यह शर्तें पूरी करने के लिए चार वर्ष का समय और बढ़ाने की मांग रखी जिस पर शिक्षा मंत्री ने सहमति जता दी है।
स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन जिला प्रधान शिवकुमार गोयल ने बताया कि शिक्षामंत्री ने अब 2024 तक छूट दिए जाने की बात कही है। यह समयावधि बढ़ाए जाने पर स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन चरखी दादरी जिला प्रधान शिवकुमार, डॉ. सुखदेव प्रसाद, कृष्ण कुमार शास्त्री, मनोज शर्मा, प्रदीप कुमार, अश्विनी कुमार, हरीश कुमार, ललित भारद्वाज, डॉ. प्रदीप धांगड़, धर्मचंद सहित विभिन्न प्राध्यापकों ने खुशी जताते हुए शिक्षा मंत्री का आभार जताया है।