-योजनाएं बनीं, लेकिन सिरे नहीं चढ़ी
फोटो-14, 15
संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। शहर में पार्किंग की सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। 12 साल पहले लघु सचिवालय में मल्टी पार्किंग बनाई गई थी, जिसका आज तक सही ढंग से इस्तेमाल नहीं किया गया है। वर्ष 2012 में कांग्रेस सरकार में तत्कालीन डीसी ने परियोजना को सिरे चढ़ाया था। इस परियोजना पर लगभग 50 लाख रुपये खर्च हुए थे।
इस पार्किंग का उद्देश्य छोटे-बड़े वाहनों को यहां खड़ा करवाना था, लेकिन कुछ दिन ही इस पार्किंग का प्रयोग हो सका। अब यह सफेद हाथी बन गई है। इसका प्रयोग न के बराबर हो रहा है। जितने भी वाहन लघु सचिवालय में आते हैं, वह आसपास खड़े किए जाते हैं। इससे पूरा दिन जाम की समस्या बनी रहती है।
वहीं प्रशासन ने शहर में अन्य जगह लोगों के लिए काेई पार्किंग नहीं बनाई और न ही कोई परियोजना बनाई है। पार्किंग की सुविधा नहीं होने से लोगों को हर रोज परेशान होना पड़ रहा है। त्योहार का सीजन शुरू हो चुका है। लोग भारी संख्या में खरीदारी करन के लिए बाजार आ रहे हैं, लेकिन वाहनों के लिए पार्किंग नहीं होने के कारण लोग दुकानों के बाहर रोड पर दोनों तरफ बाइक, गाड़ियां खडी कर देते हैं। इस कारण बाजार में लंबा जाम लगा रहता है। प्रशासन ने पर्व के सीजन में अभी तक पार्किंग की व्यवस्था नहीं की है।
बाजार में डाकखाने और पुराने बस स्टैंड पर पार्किंग की है जगह
बाजार में डाकखाने के सामने और पुराने बस स्टैंड पर वाहनों को खड़ा करने के लिए जगह है। डाकखाने के पास पार्किंग के लिए जगह को निर्धारित किया गया है, लेकिन वहां पर केवल 20 से 25 गाड़ियां ही खड़ी की जा सकती हैं। वहां भी दुकानदारों के ही वाहन खड़े हो जाते हैं। इस कारण ग्राहकों और आम लोगों को वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं मिल पाती। रोड के किनारे वाहनों को खड़ा करना पड़ता है। इस कारण बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं पुराना बस स्टैंड बाजार से दूर होने के कारण लोग वहां पर वाहनों को खड़ा नहीं कर रहे।
रोडवेज ने भी किया प्रयास, लेकिन नहीं हुए कामयाब
रोडवेज ने भी पुराना बस अड्डा पर पार्किंग शुरू करने की योजना बनाई थी। बकायदा खुली बोली के लिए तिथि निर्धारित की थी, लेकिन कोई बोली में शामिल ही नहीं हुआ। अब यहां अवैध रूप से लोग वाहनों को खड़ा करते हैं।
वर्जन
त्योहारी सीजन में व्यवस्था करवाने का प्रयास किया जाएगा। कई सरकारी कार्यालयों और डाकखाने के पास पार्किंग के लिए मार्किंग करवाई गई है। लघु सचिवालय की पार्किंग के बारे में जानकारी ली जाएगी कि वह किसके अधीन है। बाजार में आने जाने वाले लोगों को जाम की समस्या से परेशानी न हो, इसके लिए दुकानदारों से भी सामान सीमित दायरे में रखने की अपील की जाएगी।-जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद