अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। नगर के केदारनाथ अग्रवाल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कालेज में एमबीए और बीबीए कक्षा के छात्रों के बीच 20-20 ओवर का क्रिकेट मैच खेला गया। मैच में एमबीए की टीम विजयी रही। इससे पूर्व मैच का शुभारंभ संस्थान की निदेशिका डॉ. सुप्रिया ढिल्लो ने किया। उन्होंने कहा कि कोई भी खेल विद्यार्थी जीवन का अहम हिस्सा है तथा खेलों से विद्यार्थियों में टीम भावना उत्पन्न होती है।
मैच में एमबीए टीम की तरफ से सुमित फौगाट और बीबीए छात्रों की तरफ से अंकित जाखड़ ने कप्तान की भूमिका निभाई। एमबीए टीम के कप्तान सुमित फौगाट ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्र-रक्षण करने का निर्णय लिया। बीबीए टीम की तरफ से ओपनिंग बैट्स मैन कप्तान अंकित जाखड़ व पवन फौगाट ने की।
बीबीए टीम की ओर से दीपक ने 37 रन की पारी खेली। वहीं, राहुल डावरा ने 15 रन जोड़े और दो विकेट चटकाई। एमबीए के कप्तान सुमित फौगाट ने 15 रन बनाए तथा तीन विकेट लेने पर उनको मैन ऑफ दा मैच घोषित किया गया। एमबीए से मुकुल गुप्ता ने 13 रन, धर्मेंद्र 15 रन, धीरज शर्मा ने 22 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया और 16वें ओवर में ही 105 रन का निर्धारित लक्ष्य प्राप्त कर लिया। मैच के संयोजक संस्थान के खेल प्रभारी विरेंद्र कुमार व एंपायर की भूमिका प्राध्यापक अमित कुमार व अजय वशिष्ठ ने निभाई। इस अवसर पर डॉ. आर दर्शन, डॉ. आनंद गुप्ता, डॉ. गीतांजलि जिंदल, विरेंद्र कुमार, सीएस सुधा पंवार, लक्ष्मी शर्मा, सोनिया गुप्ता, अंजलि गुप्ता, अमित कुमार, अजय वशिष्ठ, अनिल बंसल, अतुल जैन आदि स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी उपस्थित थे।