गांव सौंधी के खेतों में रविवार की दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगने से 4 एकड़ ईख की फसल जलकर राख हो गई। जबकि 45 एकड़ फाने भी जल गए। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची नुकसान हो चुका था।
जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर सोंधी गांव के किसानों ने खेतों में आग की चिंगारियों को निकलते हुए देखा। आग निमाना गांव के खेतों की ओर से तेजी से फैल रही थी। किसानों ने आग को रोकने का प्रयास किया मगर किसी भी प्रयास में सफल नहीं हो सके। तेज हवा के चलते आग सड़क के दूसरे छोर पर गन्ने के खेतों तक पहुंच गई। सुखबीर पुत्र सरदारे के दो एकड़ गन्ने की खेती जल गई जबकि श्यामबीर पुत्र रामपत की 2 एकड़ गन्ने की खड़ी फसल को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि आगजनी की घटना में करीब 45 एकड़ गेहूं का फांस भी जल गया। आग की सूचना मिलने पर झज्जर से फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। जब गाड़ी पहुंची तो ईख जलकर राख हो चुका था। किसान सुखबीर और श्यामबीर ने बताया कि देखते ही देखते आग ने ईख और फांस को राख में तब्दील कर दिया। जब आग ईख के खेत में पहुंची तो आग से निकलने वाली ऊंची चिंगारियों के चलते किसान दूर खड़े होकर देखते ही रह गए।