चरखी दादरी। शिक्षा नियम 134 ए के तहत दूसरी से आठवीं कक्षा में प्राइवेट और गैर सरकारी स्कूलों में प्रवेश परीक्षा के लिए जिले में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा आज रविवार को होगी। जिसमें 3350 छात्र शामिल होंगे। रविवार को होने वाली परीक्षा की शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।
बीईओ कुलदीप सिंह ने बताया कि 11 अप्रैल तक जमा हुए आवेदनों की छंटनी कर योग्य छात्रों की सूची तैयार की जा चुकी है। अब जिले के चार स्कूलों में एसेसमेंट परीक्षा रविवार आयोजित की जाएगी। इसके लिए चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिनमें नगर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, नगर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक ब्वाय स्कूल, बाढड़ा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और बौंद कलां स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए शिक्षा विभाग अधिकारियों व शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई हैं। अधिकारी इन केंद्रों का निरीक्षण करेंगें। इस परीक्षा का परिणाम 18 अप्रैल को घोषित किया जाएगा। दाखिला के लिए प्रथम ड्रॉ 19 अप्रैल को खंड स्तर पर निकाला जाएगा। प्रथम ड्रॉ में चयनित छात्र 22 से 24 अप्रैल तक अलॉट किए गए स्कूल में अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे।
तत्पश्चात रिक्त सीटों के लिए दूसरा ड्रॉ 25 अप्रैल को निकाला जाएगा। दूसरे ड्रॉ के तहत चयनित छात्र 29 अप्रैल से एक मई तक अलॉट किए गए स्कूल में जाकर अपना दाखिला करवा सकेंगे। बीईओ कुलदीप सिंह ने बताया कि अगर दूसरे ड्रॉ के बाद भी रिक्त सीटें रहती हैं तो संबंधित विद्यालय प्रबंधकों को छह मई तक बीईओ कार्यालय में जिला स्तरीय कमेटी को यह ब्योरा उपलब्ध करवाना होगा।