आठ और नौ जनवरी की हड़ताल में रोडवेज कर्मी भी होंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी सहित ट्रेड यूनियनों ने संयुक्त रूप से चरखी दादरी में मांगों के लिए शनिवार को रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान मीटिंग में निर्णय लिया गया कि ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर सभी विभागों के कर्मचारियों के साथ रोडवेज के कर्मचारी भी 8 व 9 जनवरी की हड़ताल में शामिल होंगे। साथ ही अल्टीमेटम दिया कि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया तो सभी विभागों के कर्मचारियों के साथ मिलकर रणनीति बनाकर बड़ा फैसला लिया जाएगा।
दादरी के रोडवेज वर्कशाप में आयोजित मीटिंग में हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी के वरिष्ठ नेता विरेंद्र सिंह धनखड़ ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार ने समझौते के बाद भी कर्मचारियों की मांगे पूरी नहीं की। ऐसे में कर्मचारियों को हड़ताल करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि रोडवेज विभाग में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, नई भर्ती करने, नई बसों को शामिल करने, दादरी वर्कशाप से हटाए 52 कच्चे कर्मचारियों को पार्ट दो में शामिल करने सहित कई मांगें हैं। सरकार की नीतियों के कारण आज सभी विभागों के कर्मचारी परेशान व हताश हैं। इस बार कर्मचारी चुप नहीं बैठेंगे और मांगों को लेकर लगातार संघर्ष करेंगे। धनखड़ ने कहा कि 8 व 9 जनवरी की देशव्यापी हड़ताल में रोडवेज कर्मचारी शामिल होंगे और हड़ताल के बाद मांगों पर बड़ा फैसला लेंगे। इस अवसर पर रोडवेज महासंघ के उपाध्यक्ष रणबीर गहलौत, किसान सभा अध्यक्ष रामफल देशवाल, डिपो प्रधान भूप धनासरी, राजेश रावलधी, भरपुर सिंह, श्रीभगवान, योगेश ढाणी, संजय सांगवान, सुरेंद्र सिंह, राजकुमार दलाल, सुमित आदि उपस्थित थे।