अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। यूरोप में चल रहे यूरोपियन कबड्डी कप में गांव सिद्दीपुर का लाल जसबीर उर्फ जस्सू पंडित छाया हुआ है। जस्सू के बेहतरीन प्रदर्शन के बूते उसकी टीम (ऑस्ट्रिया) ने खिताब जीत लिया है। सबसे ज्यादा रेड करने पर जस्सू को बेस्ट रेडर चुना गया। उसकी सफलता पर परिजनों और प्रशंसकों ने खुशी जताई है। अब जस्सू वहां शुरू हो रही लीग में दम दिखाएगा।
पंजाब स्पोर्ट्स क्लब हालैंड की ओर से हालैंड के शहर एम्सटरडम में रौनक मेला कबड्डी कप का आयोजन किया गया। 12 जुलाई को हुए इस कबड्डी टूर्नामेंट में गांव सिद्दीपुर का जसबीर उर्फ जस्सू पंडित छाया रहा। जस्सू ने इस टूर्नामेंट में कुल 18 रेड की। इनमें से 15 अंक लेकर जस्सू बेस्ट रेडर चुना गया। जस्सू के बेहतरीन प्रदर्शन के बूते उसकी टीम ऑस्ट्रिया ने कप अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रिया ने सेमीफाइनल में बेल्जियम को 34-28 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में 28-22 के अंतर से मेजबान हालैंड को हराकर कप पर कब्जा जमाया। उसकी जीत से परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। समरजीत ने कहा कि अभी वहां एक बड़ी लीग होनी बाकी है। उसमें भी जस्सू शानदार प्रदर्शन करेगा।
अमर उजाला से फोन पर हुई बातचीत में जस्सू ने अपनी जीत का श्रेय कोच, परिजनों और प्रशंसकों के आशीर्वाद को दिया। जस्सू ने कहा कि अभी एक दौर खत्म हुआ है। असली परीक्षा बाकी है। अब यहां यूरोपियन लीग शुरू होगी। ये मुकाबले बेल्जियम, फ्रांस और स्पेन आदि देशों में होंगे। लगभग 15 दिन तक चलने वाली उक्त लीग में करीब दो दर्जन टीम भाग ले रही हैं। लीग में अपनी टीम को जीत दिलाना ही उसका लक्ष्य रहेगा।