अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
पूर्व सीएम और इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला मंगलवार को पार्टी कार्यालय में पहुंचे। यहां पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से कुशलक्षेम जाना। ओपी चौटाला ने पुराने अंदाज में ही कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनको नाम लेकर बुलाया।
इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से बातचीत में कहा कि अगले चुनावों में हरियाणा के अंदर उनकी पार्टी की ही सरकार बनेगी। चौटाला ने कार्यकर्ताओं को दिल्ली रैली में अधिक संख्या में पहुंचने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाली इनेलो की रैली सभी पार्टी के मुखियाओं की नींद उड़ा देगी। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस को संदेह के कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यह बात जगजाहिर है कि कांग्रेस ने एक सुनियोजित साजिश रचकर उन्हें केवल इसलिए जेल भिजवा दिया, क्योंकि उन्होंने प्रदेश के 3200 बेरोजगारों की नौकरियां लगाई थीं, लेकिन अब कांग्रेसी यह बात भी गौर करके सुन ले कि आने वाले समय में जब हरियाणा में इनेलो की सरकार बन जाएगी तो वह हरियाणा के हर घर के हर युवा को सरकारी नौकरी पर लगाएंगे, फिर चाहे इसके लिए कांग्रेसी उन्हें फांसी पर ही क्यों न लटकवा दे। चौटाला भाजपा सरकार पर हरियाणा प्रदेश की जनता के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने हरियाणा की जनता से जो चुनावी वादे किए थे, वह आज तक पूरे नहीं किए हैं। इस मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष कर्मबीर राठी, युवा जिला प्रधान उपेंद्र राठी, हलका बादली से संजय कबलाना, झज्जर हलका प्रधान राकेश जाखड़, संजय दलाल बहादुरगढ़, प्रीतम कुकड़ौला, मनोज पंचाल भी मौजूद थे।