झज्जर। झज्जर समेत राज्य के अन्य जनपदों में एक अप्रैल से गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद शुरू होगी। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बुधवार शाम वीडियो कांफ्रेंस से फसल खरीद की तैयारियों की जिलेवार जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीसी शक्ति सिंह ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उप मुख्यमंत्री को जिले में गेहूं की खरीद से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी। बताया कि जिले में उपज की खरीद के लिए 10 केंद्र बनाए गए हैं। मंडियों में फसल खरीद से जुड़ी व्यवस्था को ठीक रखने के लिए सभी एसडीएम नियमित रूप से खरीद केंद्रों की व्यवस्था का निरीक्षण भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उठान व ट्रांसपोर्टेशन के टेंडर हो चुके हैं। साथ ही बारदाने की भी पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। किसानों की सुविधा के लिए खरीद केंद्रों पर हेल्प डेस्क भी स्थापित कर लिए गए हैं।
वीडियो कांफ्रेंस के बाद उपायुक्त ने सभी एसडीएम को निर्देश देते हुए कहा कि उपज खरीद आरंभ होने के पहले ही दिन से खरीद केंद्रों पर सक्रियता से काम करें। मंडी में खरीद एजेंसियों की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले बारदाने का आढ़तियों को समुचित वितरण कराएं। अनलोडिंग पॉइंट की लीड व अतिरिक्त प्वाइंट की आवश्यकता पर भी विशेष नजर बनाए रखें। उन्होंने मार्केट कमेटी के सचिवों को भी निर्देश दिए कि बिना गाड़ी के नंबर लिखे गेट पास जनरेट न कराएं। साथ ही आढ़ती एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के माध्यम से भी व्यवस्था बनाने में सहयोग करें। इस अवसर पर बहादुरगढ़ के एसडीएम भूपेंद्र सिंह, बेरी के एसडीएम रविंद्र कुमार, झज्जर की एसडीएम शिखा, बादली के एसडीएम विशाल कुमार, डीएफएससी मनीषा मेहरा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग से टीए डॉ. ईश्वर सिंह जाखड़, मार्केट कमेटी झज्जर की सचिव सविता, बेरी के सचिव श्रीभगवान आदि उपस्थित रहे।