फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंद्रजीत ने बदले हरियाणा के राजनीतिक समीकरण

Fri, 14 Feb 2014 10:16 AM IST
जितेंद्र राठी/अमर उजाला, रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
गुड़गांव से सांसद राव इंद्रजीत सिंह के वीरवार को दिल्ली में भाजपा का दामन थामने से प्रदेश के नेताओं की बेचैनी भी बढ़ गई है। जहां कांग्रेसी अपना वोट बैंक खिसकने से परेशान हैं, वहीं भाजपाइयों को गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र से टिकट कटने की चिंता है।
विज्ञापन


सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर दक्षिण हरियाणा से भेदभाव का आरोप लगाकर काफी समय से आंदोलन छेड़ने वाले राव ने पिछले साल रेवाड़ी में रैली कर कांग्रेस से चुनाव न लड़ने का ऐलान किया था। इसके बाद से ही उनके कांग्रेस छोड़ने के कयास लगाए जा रहे थे।

कुछ दिन राव ने इंसाफ मंच के बैनर तले भी प्रदेश में खूब प्रचार किया। हालांकि राव का कहना है कि वे इस मंच के माध्यम से समाजसेवा करते रहेंगे। राव ने वीरवार को दिल्ली में भाजपा के पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह की मौजूदगी में भगवा रंग का पटका धारण कर लिया।
विज्ञापन


तीन दशक से कांग्रेस में रहे राव इंद्रजीत के भाजपा में शामिल होने से यकीनन कांग्रेस को बड़ा नुकसान हुआ है। वहीं, भाजपा को अहीरवाल में मजबूती मिली है। इंद्रजीत के गुड़गांव लोकसभा सीट से ही चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। इससे इस क्षेत्र के टिकट के दावेदार भाजपाइयों में बेचैनी बढ़ गई है।

क्षेत्र में चर्चा है कि भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद सुधा यादव व पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रहे राव नरबीर सिंह भी गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र से लोस चुनाव में टिकट के प्रमुख दावेदारों में से एक हैं। यदि राव इंद्रजीत को गुड़गांव लोस सीट से टिकट मिलता है तो इन दोनों नेताओं के लिए नई भूमिका तलाश करनी होगी।

यहां है राव का प्रभाव
सांसद राव इंद्रजीत के भाजपा में आने पर गुड़गांव, भिवानी-महेंद्रगढ़ और रोहतक लोकसभा सीटें प्रभावित होंगी क्योंकि गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र में रेवाड़ी, बावल, पटौदी, गुड़गांव, बादशाहपुर व सोहना का कुछ हिस्सा अहीर बाहुल्य है। इसके अलावा भिवानी-महेंद्रगढ़ लोस सीट पर अटेली, नारनौल, नांगल चौधरी, चरखी दादरी, बाढ़डा में भी अहीरों की काफी संख्या है।

रोहतक लोक सभा क्षेत्र में रेवाड़ी जिले के शहर कोसली के कुछ गांव आते हैं, जो अहीर बाहुल्य हैं। इन सब अहीर बाहुल्य क्षेत्रों में राव इंद्रजीत सिंह की अच्छी पकड़ मानी जाती है, जिससे वह आगामी लोस चुनाव में इन तीनों सीटों पर अपने प्रभाव से समीकरण बदल सकते हैं।

गुड़गांव के तीनों धुरंधर भाजपा में
2009 के लोकसभा चुनाव में राव इंद्रजीत सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और उन्हें 278516 मत मिले थे, जबिक भाजपा की सुधा यादव को 125837 वोट मिले थे। तीसरे नंबर पर पहले हजकां में रहे राव नरबीर सिंह रहे थे, उन्हें 117260 वोट प्राप्त हुए थे। अब राव नरबीर सिंह भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में 2009 लोकसभा चुनाव में पिछले तीन स्थानों पर रहने वाले उम्मीदवार अब भगवा रंग में रंग चुके हैं। इस तरह इस सीट पर भाजपा की उम्मीदवारी मजबूत मानी जा रही है।

रेवाड़ी से 800 वाहन गए दिल्ली
रेवाड़ी। सांसद राव इंद्रजीत सिंह के वीरवार को दिल्ली में भाजपा में शामिल होने का गवाह बनने रेवाड़ी से भी काफी संख्या में कार्यकर्ता रवाना हुए। सुबह 7:00 बजे से ही कार्यकर्ताओं ने वाहनों में सवार होकर दिल्ली जाना शुरू कर दिया था। यह सिलसिला सुबह 10 बजे तक जारी रहा। खुफिया विभाग के अनुसार रेवाड़ी शहर से छोटे-बडे़ करीब 800 वाहन यहां से दिल्ली के लिए निकले।

इंसाफ मंच के मीडिया प्रभारी एवं पूर्व जिला प्रमुख प्रवीण चौधरी, पूर्व जिला पार्षद एवं इंसाफ जिलाध्यक्ष (महिला) विभा चौधरी, सुनील यादव, सुनील राव, श्योलाल गुर्जर, प्रदीप भार्गव, प्रेम गेरा, भरत सिंह बावल, डॉ. बनवारी लाल अपने-अपने समर्थकों के साथ वाहनों का काफिला लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। प्रवीण चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में राव इंद्रजीत सिंह भारी बहुमत से जीत दर्ज कर भाजपा को मजबूती प्रदान करेंगे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें