झज्जर जिले में मंगलवार को दुजाना माइनर टूट गई। किसानों ने अफसरों और विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन कोई मौके पर नहीं आया। इसके बाद किसानों ने रोष जताया। हालांकि मौके पर सुध लेने के लिए विधायक डॉ. रघुवीर सिंह कादियान पहुंचे। किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल डूब गई है।
जिले के गांव धौड़ व दुजाना गांव के बीच से गुजरने वाली दुजाना माइनर मंगलवार को टूट गई। जिससे किसानों की सैकड़ों एकड़ धान की फसल डूब गई है। सूचना के बाद भी सिंचाई विभाग का कोई कर्मचारी व अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। प्रशासन के खिलाफ किसानों में रोष व्याप्त है और उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना दी गई, लेकिन अफसर अब भी लापरवाही बरत रहे हैं।
बेरी के विधायक पहुंच गए मौके पर
सूचना के बाद हालात जानने के लिए पूर्व स्पीकर व बेरी के विधायक डॉ. रघुबीर सिंह कादियान मौके पर पहुंचे। माइनर टूटने के लिए विभाग को उन्होंने जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि समय रहते काम किया जाता तो किसानों का नुकसान नहीं होता। किसानों व डॉ. कादियान ने सरकार से पीड़ितों को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।