अलंकार ने ग्रैपलिंग में गोल्ड जीत बढ़ाया देश का मान
शहर के अलंकार ने इसी वर्ष जनवरी में भूटान में हुई ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर नई राह दिखाई है। अलंकार ने यह मेडल इंडो-भूटान चैंपियनशिप में 90 से अधिक के भारवर्ग में जीता। अलंकार स्कूल स्तर पर ताइक्वांडो व कॉलेज स्तर पर हॉकी खेल चुके हैं। लेकिन ग्रैपलिंग खेल में रुचि के चलते हॉकी व ताइक्वांडो को छोड़कर सिर्फ 6 महीने की ट्रेनिंग लेकर अलंकार ने इंटरनेशनल स्तर की प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर सबको हैरान कर दिया। फिलहाल वो अगले साल होने वाली इंटरनेशनल चैंपियनशिप की तैयारी कर रहे हैं।
बचपन से ही खेलों का शौक
अलंकार को बचपन से ही खेलों का शौक रहा है। इसके चलते उन्होंने 2004 से 2006 तक लगातार तीन साल हिसार की ओर से जिला स्तर पर ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिसके लिए उन्होंने बाकायदा कोचिंग भी ली। अलंकार बताते हैं कि 2004 में उन्होंने ताइक्वांडो खेल के लिए विद्युत नगर में कोच भास्कर से ताइक्वांडो की कोचिंग ली। इसके बाद उन्होंने जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इसके बाद कॉलेज स्तर पर भी खेलों में रुचि के चलते अलंकार ने हॉकी खेलना शुरू किया। अलंकार ने 2012 में टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्सटाइल की हॉकी प्रतियोगिता में अपनी टीम को ब्रांज मेडल दिलाया था।
मां के कहने पर ग्रैपलिंग की कोचिंग ली
अलंकार ने मां रेनू शर्मा के कहने पर ग्रैपलिंग की कोचिंग लेना शुरू किया। उनकी माता डीपीएस स्कूल में अध्यापिका हैं। मां के कहने पर सन 2015 पर अलंकार ने कोच मनदीप काजल से ग्रैपलिंग का प्रशिक्षण लिया। सिर्फ 6 महीने प्रशिक्षण लेकर गोल्ड मेडल हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया। अलंकार के पिता सत्यपाल शर्मा बिजली विभाग में एक्सईएन के पद पर कार्यरत हैं।
दीक्षा धनखड़ का नेशनल कैंप में चयन
महज आठ नौ साल की उम्र में पिता का साया उठ गया। ऐसे में मां ने खेतीबाड़ी कर बेटी का हौसला बनाये रखा। सच यह है कि मां ममता ने बेटी को बॉक्सिंग का चैंपियन बना ही दिया। वर्ष 2011 से शुरू हुआ चैंपियन बनने का सिलसिला आज भी जारी है। दो बार जूनियर नेशनल चैंपियनशिप और दो ही बार ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप सहित कई खिताब जीतने वाली दीक्षा धनखड़ का चयन नेशनल कैंप में हुआ है।
इस कैंप के बाद दीक्षा वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। सेक्टर-13 विज्डम स्कूल स्थित अखिल कुमार बॉक्सर क्लब की खिलाड़ी दीक्षा धनखड़ का स्पोर्ट्स कोटे के तहत रेलवे विभाग में भी चयन हुआ है। क्लब के वाइस प्रेसिडेंट अर्जुन ठाकुर ने बताया कि दीक्षा धनखड़ अनेक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। बॉक्सर अखिल कुमार के दिशा-निर्देश में प्रशिक्षण लिया है।
दीक्षा की इस शानदार उपलब्धि पर क्लब में खुशी का माहौल है। नेशनल कैंप में चयन होना अखिल कुमार बॉक्सिंग क्लब के लिए गौरव की बात है। उन्हें पूरा विश्वास था कि वे अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भी अपने खेल का जलवा बिखेरेंगी व क्लब का नाम रोशन करेंगी।