हांसी। हिसार चुंगी के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भाग गया।
घायल दूसरे युवक का नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बड़े भाई विनोद कुमार ने बताया कि 18 अक्तूबर की रात करीब 11:30 बजे उसका छोटा भाई कुश अस्पताल में तैनात आकाश से बाइक लेकर किसी काम से गीता चौक की तरफ जा रहा था। बाइक कुश चला रहा था जबकि सत्यप्रकाश पीछे बैठा हुआ था।
जब दोनों हिसार चुंगी के पास पहुंचे तो एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को संभाला और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने कुश को मृत घोषित कर दिया। जबकि सत्यप्रकाश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मृतक कुश शादीशुदा था और उसका एक छोटा बेटा है। युवक की अचानक मौत से परिजन शोक संतप्त है। जांच अधिकारी सदानंद ने बताया कि मृतक के भाई विनोद कुमार के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। सोमवार को शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।