हिसार। बालावास गांव के पास तूड़ी के अंदर धंसने से 32 वर्षीय तलवंडी बादशाहपुर निवासी प्रमोद की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक चारनौंद निवासी अमित के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में तलवंडी बादशाहपुर निवासी विजेंद्र ने बताया कि ट्रक मिस्त्री है। मंगलवार शाम को 5 बजे चारनौंद निवासी अमित के साथ भतीजा प्रमोद ट्रैक्टर-ट्राॅली में तूड़ी भरकर गांव से बालावास जाने के लिए निकले थे। रात को बालावास पहुंचने के बाद तूड़ी उतार रहे थे। प्रमोद ट्राॅली के पीछे खड़ा था। चालक अमित ने अचानक क्ल्च छोड़ दी जिस कारण ट्रैक्टर-ट्राॅली पीछे होने से प्रमोद तूड़ी के अंदर धंस गया। कुछ देर बाद जब प्रमोद को तूड़ी से बाहर निकाला तो उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद