हिसार। शहर के विकास नगर में एक युवक की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई। युवक के हाथ में सिरिंज लगी मिली है। सूचना के बाद युवक के परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। सिटी थाने से जांच अधिकारी अमित कुंडू ने बताया कि इस मामले में परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
जांच अधिकारी ने बताया कि भिवानी जिले के गांव ढाणी जोगी निवासी मोहित (23) हिसार में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत था। वह सोमवार को डिग्री लेने के लिए शहर आया था और इसी दौरान विकास नगर स्थित एक पीजी में अपने दोस्त के पास ठहरा। रात के समय उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। मोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
विकास नगर के आसपास के क्षेत्रों में नशे की उपलब्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं जो युवाओं के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। पुलिस अभियान चलाती है लेकिन आंबेडकर बस्ती में खुलेआम नशा बिकता है।