हिसार। गांव उमरा के समीप शुक्रवार देर शाम गाड़ी की टक्कर लगने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
गांव कंवारी निवासी अनिल ने बताया कि उसका चचेरा भाई 28 वर्षीय भगत सिंह हांसी स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। काम खत्म करने के बाद वह अपने गांव के साथी संजय और सुनील के साथ बाइक पर गांव लौट रहा था। शाम करीब साढ़े सात बजे गांव उमरा के पास सामने से आ रही गाड़ी (टाटा एस) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में भगत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि संजय और सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुनील को हांसी और संजय को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना पर हांसी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भगत सिंह को जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अविवाहित था। जांच अधिकारी एएसआई कप्तान सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।