दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए 84.25 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की है। इसमें बिजली की जर्जर तारों को बदला जाएगा। इसके अलावा फीडरों के लोड को कम करने के लिए नए ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे। यह काम मार्च 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इससे उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में राहत मिलेगी।
बिजली निगम ने उपभोक्ताओं की बिजली डिमांड को पूरा करने के लिए 84.25 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम शुरू किया है। जिसे 31 मार्च 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसमें 25 फीडरों पर 183 किलोमीटर लंबे तारों को बदलने के लिए 16.74 करोड़ खर्च किए जाएंगे। 834 किलोमीटर लंबी 11केवी की लाइनों को बदलने के लिए 41.46 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। 55 फीडर पर 382 किलोमीटर लंबी तारों को बदलने के लिए 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। छह सब स्टेशन पर 32 लाख रुपये से वीसीबी लगाई जाएंगी। बिजली निगम की ओर से यह काम शुरू कराया जा चुका है। निगम अधिकारियों ने बताया कि काम को पूरा करने के लिए समय अनुसार बिजली कट लगाए जाएंगे। सर्दी के मौसम में काम करने में आसानी रहती है। दिन के समय बिजली की अधिक जरूरत नहीं होती। गर्मी का सीजन आने तक अलग अलग अंतराल में काम करते हुए इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जाएगा।
बिजली व्यवस्था सुधारने के लगातार काम चल रहे हैं। बिजली निगम के इन 84.25 करोड़ के कार्य को जल्द ही पूरा कराया जाएगा। गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को दिक्कत न आए, इसके लिए अभी से काम कराया जा रहा है।
- ओमवीर सिंह, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम