बता दें कि मुख्यालय की तरफ से सभी निकायों को वैध कॉलोनियों में अवैध टुकड़ों के सर्वे को लेकर डाटा भेजा गया है। निकायों को इन टुकड़ों का सर्वे करवाकर उसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेजनी है ताकि इन उन टुकड़ों को भी वैध किया जा सके।
नगर निगम हिसार को छोड़कर जिले की किसी भी निकाय ने शुरू नहीं किया सर्वे
जिला नगरायुक्त प्रदीप दहिया ने मंगलवार को वीसी के माध्यम से जिले की सभी निकायों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी निकायों से वैध कॉलोनियों के अवैध टुकड़ों के सर्वे को लेकर जवाब मांगा। इस पर नगर निगम को छोड़कर सभी निकायों के अधिकारी बोले कि उन्होंने अभी तक सर्वे शुरू नहीं किया है। साथ ही वे तरह-तरह के बहाने बनाने लगे। यह सुनकर जिला नगरायुक्त ने इन निकायों के अधिकारियों को डांट लगाई और कहा कि अवैध टुकड़ों को वैध करने काम सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इस कार्य में किसी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने बरवाला नगर पालिका के एमई अमित बेरवाल, हांसी नगर परिषद के एमई जयवीर डूडी व उकलाना नगर पालिका के एमई खेमचंद को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
आगे यह रहेगी प्रक्रिया
जिला नगरायुक्त के मुताबिक सर्वे के आधार पर तैयार किए गए डाटा की तहसीलदार व डीटीपी से जांच करवाई जाएगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि इसमें कोई सरकारी जमीन तो शामिल नहीं है। इसके बाद इसे हाउस की बैठक में पास करवाया जाएगा। फिर इस मंडलायुक्त के माध्यम से मुख्यालय भिजवाया जाएगा।
इन अवैध टुकड़ों का कराया सर्वे
निगम की तरफ से वैध कॉलोनियों के 47 अवैध टुकड़ों के सर्वे करवा गया है। ये टुकड़े करीब 481 एकड़ में बसे हुए हैं। इनमें चंद्रलेन कॉलोनी, विकास नगर, मॉडल टाउन एक्सटेंशन, सेक्टर एक के पास योग नगर, मेला ग्राउंड के पास शिव नगर, नेता कॉलोनी, तायल गार्डन, आंबेडकर कॉलोनी, जगजीवन नगर, अग्रवाल कॉलोनी, ऋषि नगर, लाजपत नगर, सूर्य नगर, न्यू मॉडल टाउन, सेक्टर एक के पास आदर्श काॅलोनी, सत्य नगर, न्यू ऋषि नगर, राजीव नगर, महाबीर कॉलोनी, हनुमान नगर, गवर्नमेंट कॉलोनी, शास्त्री नगर, सेक्टर 9-11 के पास, नवदीप कॉलोनी, किशन कॉलोनी, श्याम विहार टू, राजाराम गार्डन, कैमरी रोड से सटा आजाद नगर एरिया, उमेद विहार कॉलोनी, लक्ष्मी विहार कॉलोनी, आदर्श नगर के पास प्रोफेसर कॉलोनी शामिल है।
22 दिसंबर तक एस्टीमेट तैयार करने के दिए निर्देश
उधर, अभी हाल ही वैध की गई कॉलोनियों में विकास कार्य करवाने के लिए जिला नगरायुक्त ने 22 दिसंबर तक सिविल व बिजली शाखा के अधिकारियों को 22 दिसंबर तक एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। प्रदीप दहिया ने बताया कि इन एस्टीमेट को सरकार के पास भिजवाया जाएगा और बजट मिलने के बाद इन कार्यों के टेंडर लगाए जाएंगे।
विकसित भारत संकल्प यात्रा में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को करें शामिल
जिला नगर आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा जल्द ही शहरी क्षेत्र में आने वाली है। इसे लेकर सभी निकाय उनके आगमन की तैयारी में जुट जाएं। इसे लेकर एक स्वागत व एक एक उत्सव कमेटी बनाए। इसमें कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी व समाज के लोग शामिल होंगे। सरकार की तरफ से चलाई गईं योजनाओं के लाभार्थियों को भी इस यात्रा में बुलाने का कार्य करें।
सफाई अभियान : 25 ट्रॉली कचरा उठाया
निगम की तरफ से मंगलवार को शहर में तीन जगहों पर सफाई अभियान चलाया गया। मेयर गौतम सरदाना ने मिल गेट स्थित कैंची चौक से अभियान की शुरुआत की। सफाई अभियान में तीन जेसीबी, 12 ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर लगाए गए। इस दौरान 25 ट्रॉली कचरे का उठान किया गया। मेयर ने कहा कि मिल गेट से कैंची चौक तक डीसीएम टेक्सटाइल मिल के साथ लगती जमीन से मलबा व मिट्टी को हटाया जाएगा और इस जगह पर पूर्ण रूप से सफाई करके ग्रीन बेल्ट बनाई जाएगी। मेयर ने कहा कि शहर की 13 मार्केट एसोसिएशन की बैठक 20 दिसंबर को निगम कार्यालय में बुलाई गई है। बैठक में नगर निगम व मार्केट एसोसिएशन मिलकर मार्केट की सफाई व्यवस्था को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा।