हांसी। शहर में 50 किलोमीटर लंबी पेयजल लाइन बिछाने का काम मंगलवार सो शुरू हो गया है। पहले चरण में वार्ड-13 की चार गलियों में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही अब दो वर्षों से रुका हुआ गलियों का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया।
50 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने के कार्य पर 18.76 करोड़ रुपये का खर्च आएगा और यह काम एक वर्ष में पूरा होगा। इसमें डीआई तकनीक से बने पाइप बिछाए जाएंगे। यह पाइप गुजरात से लाए गए हैं। बीते सप्ताह ही यह पाइप लाइन जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में पहुंचे, जिसके बाद काम शुरू करवाया गया है।
बता दें कि शहर के हर घर को नल से पर्याप्त जल उपलब्ध करवाने के लिए 120 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने की आवश्यकता थी, जिसमें से 70 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। अब बची हुई 50 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हुआ है।
विधायक विनोद भयाना ने पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान वार्ड नंबर 13 में 4 गलियों के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया। इन गलियों के निर्माण कार्य पर 54 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना, भाजपा अटल मंडल अध्यक्ष श्याम खांडा, पार्षद मीनू मुआल, पार्षद प्रतिनिधि मुकेश टुटेजा, पूर्व नगर परिषद प्रधान विनोद सैनी, अशोक ऐलावादी, विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा, पार्षद दीपक मुंजाल, मुकेश बंसल व अन्य उपस्थित रहे।
बूस्टिंग स्टेशन पर लगेंगे क्लोरिनेशन सिस्टम
शहर में स्थित 13 बूस्टिंग स्टेशनों की पंपिंग मशीनरी को पूरी तरह से बदलवाया जाएगा। ताकि लोगों को लंबे समय तक जलापूर्ति को लेकर किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही बूस्टिंग स्टेशनों पर गैस क्लोरिनेशन सिस्टम भी स्थापित करवाए जाएंगे। इससे पहले पानी को शुद्ध करने के लिए निर्धारित दवाई का इस्तेमाल किया जाता था और केवल मात्र जल घरों पर ही इस तरह के सिस्टम स्थापित किए जाते थे, लेकिन अब बूस्टिंग स्टेशनों पर भी यह सिस्टम लगाए जाएंगे।
इन गलियों को रुका है निर्माण
पाइप लाइन न होने के चलते वार्ड तीन में तीन, वार्ड 17 में तीन, वार्ड 6 में दो सहित विभिन्न वार्डों में कुल 12 गलियां हैं जिनका निर्माण पाइप लाइन बिछाए जाने के इंतजार में दो वर्षों से रुका हुआ था। इन गलियों के निर्माण के लिए नगर परिषद टेंडर भी लगा चुकी थी। अब पाइपलाइन बिछाए जाने के साथ ही गलियों का निर्माण शुरू होगा।
इस जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण होते ही शहर में ऐसी कोई गली नहीं बचेगी, जहां से पाइप लाइन नहीं गुजर रही हो। इसका कार्य शुरू करवा दिया है। बरवाला रोड पर खानपुर में भाखड़ा नहर से पाइपलाइन बिछाने का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होने वाला है। इस परियोजना से शहर में पेयजल को लेकर समस्या नहीं आएगी।- विनोद भयाना, विधायक