हांसी (हिसार)। दिल्ली रोड स्थित महिला आईटीआई की छात्राओं ने पूर्व प्राचार्या पर छात्रा को पिटवाने का आरोप लगाते हुए आईटीआई के बाहर जमकर हंगामा किया। इस दौरान छात्राओं ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया व करीब 3 घंटे तक मुख्य गेट बंद रखा। हंगामे को देखते हुए तहसीलदार नवजीत कौर बराड़ वहां पहुंचीं। उनके आश्वासन के बाद छात्राएं शांत हुईं।
आईटीआई की छात्राओं ने आरोप लगाया कि वह वीरवार को दोपहर के समय जब अपनी कक्षा में थीं तभी पूर्व प्राचार्या के आदेश पर कुछ छात्राओं ने तीन छात्राओं को पीटा। जिसको लेकर उन्होंने शुक्रवार सुबह जैसे ही सभी छात्राएं आईटीआई पहुंचीं तो उन्होंने आईटीआई के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। पूर्व प्राचार्या मोनिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ताला लगाने की सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई व छात्राओं को समझाने का प्रयास किया।
मगर मौके पर पहुंचे छात्र संगठन के सदस्य नहीं माने। उसी दौरान आईटीआई की कमेटी को भी मौके पर बुलाया गया। कमेटी की सदस्य तहसीलदार नवजोत कौर ने छात्राओं को आईटीआई के अंदर बुलाने व ताला खोलने की बात कही। लेकिन वह अंदर नहीं आईं। जिस पर छात्रों व तहसीलदार के बीच काफी देर तक बहसबाजी होती रही। उन्होंने आईटीआई के स्टाफ व दूसरे पक्ष की छात्रा से भी बातचीत की। दोनों पक्षों की बातचीत के बाद तहसीलदार व स्टाफ बाहर छात्रों से बातचीत करने पहुंचे। इस दौरान छात्राओं ने अपनी मांग रखते हुए कहा कि पिछले दिनों भी पूर्व प्राचार्या के खिलाफ एक शिकायत दी थी, जिसमें एसडीएम ने एक कमेटी का गठन किया था। मगर आज तक उस कमेटी की रिपोर्ट नहीं आई। वहीं छात्राओं ने मांग करते हुए कहा कि जिस छात्रा ने पिटाई की है उसको दस दिन तक सस्पेंड किया जाए। कमेटी की रिपोर्ट मंगलवार तक सौंपी जाए। तहसीलदार ने छात्राओं को मंगलवार तक का आश्वासन दिया। तहसीलदार के आश्वासन के बाद छात्राएं शांत हुईं व गेट खोला। इस दौरान आईटीआई की पूर्व प्राचार्या मोनिका छुट्टी पर थीं।
यह है पहले का मामला
बता दें कि बीते वर्ष छात्राओं ने कक्षा में रील बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड की थी। जब यह वीडियो तत्कालीन प्राचार्या मोनिका के पास पहुंचा तो उन्होंने छात्राओं से वीडियो बनाने के बारे में पूछा। प्राचार्या ने तब छात्राओं को कहा था कि क्लास रूम में पढ़ाई के समय वीडियो बनाना सही नहीं है। प्राचार्या ने छात्राओं को क्लास रूम में डांस का वीडियो बनाने पर रोका था। इस पर छात्राओं ने प्राचार्या का विरोध कर दिया था। छात्राओं का आरोप था कि प्राचार्या ने उनके साथ गलत व्यवहार किया। तब छात्राओं ने प्रदर्शन भी किए थे। तब से ही यहां विवाद चल रहा है।
कुछ ठीक नहीं चल रहा
महिला आईटीआई की अध्यापक हैप्पी प्रवीन ने तहसीलदार को बताया कि यहां कुछ ठीक नहीं चल रहा। वीरवार को छात्राओं के बीच झगड़ा हुआ था, उस दौरान पूर्व प्राचार्या उनका वीडियो बना रही थीं। जब एक छात्रा ने उन्हें वीडियो बनाने से रोका तो पूर्व प्राचार्या का एक छात्रा को धक्का लग गया, जिस कारण विवाद बढ़ गया।
छात्राओं के बीच झगड़ा हो गया था। छात्राओं के दोनों पक्षों से बातचीत की है। जल्द उनकी समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
- नवजोत कौर बराड़, तहसीलदार