पुलिस की गिरफ्त में आरोपी महिला।
हिसार। ऋषि नगर में श्मशान घाट रोड पर भ्रूण मिलने के मामले में पुलिस ने गर्भपात कराने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूलरूप से बिहार निवासी हाल सोनीपत के बड़ौदा रोड की रहने वाली गीता गोहाना में क्लिनिक चलाती है। सिटी थाना के जांच अधिकारी अमित कुंडू ने बताया कि महिला को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को ईआरवी में तैनात एएसआई सोमबीर और एलएससी सुमन सेक्टर 14 पार्ट-2 में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान श्मशान घाट रोड पर एक संदिग्ध युवक को पकड़े जाने की सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची तो नियाणा निवासी अनिल के पास से पॉलिथीन बरामद हुई जिसमें भ्रूण था।
पूछताछ में अनिल ने बताया कि उसका एक युवती से पिछले 6-7 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के गर्भवती होने पर सामाजिक बदनामी के डर से दोनों ने आपसी सहमति से गर्भपात कराने का फैसला किया था।
गोहाना के क्लिनिक में कराया था गर्भपात
स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आया कि अनिल ने गोहाना के कृष्णा नाम के क्लिनिक में युवती का गर्भपात करवाया था। गर्भपात से पहले युवती को दो दिन तक क्लिनिक में रखा गया था। जांच में सामने आया कि गीता आठवीं पास है। उसने किसी क्लिनिक में करीब 8-10 साल काम करने के बाद अपना क्लिनिक शुरू किया था। जांच के दौरान उसकी 12वीं पास पुत्रवधू क्लिनिक में डॉक्टर की कुर्सी पर बैठी मिली थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए थे।