जिले में लगातार तीन दिन से 100 से अधिक कोरोना संक्रमण के नए केस सामने आ रहे हैं। शनिवार को भी 25 विद्यार्थी, डीएचबीवीएन के एक्सईएन, एनआरसीई के एलटी, जज, वकील, स्टाफ नर्स सहित कुल 124 कोरोना संक्रमित केस मिले हैं। इनमें 18 अज्ञात संक्रमित मरीज भी शामिल हैं, जो अभी तक लापता हैं।
अब जाकर स्वास्थ्य विभाग ने होम आइसोलेट मरीजों की मॉनीटरिंग करने के लिए टीम बढ़ाने का फैसला लिया है। इसके अलावा प्रतिदिन सैंपलिंग बढ़ाने को लेकर आगे की योजना बना रहा है। सैंपल जांच का वर्कलोड एक बार फिर बढ़ गया है, जिस कारण एक-दो दिन के सैंपल इकट्ठा करके अगले दिन लैब में भेजे जाते हैं।
विभाग के अनुसार गंभीर विषय यह भी है कि इन दिनों संक्रमित मिलने वाले अधिकांश मरीजों की औसतन सीटी वैल्यू 20 से 22 के आसपास मिल रही है। ऐसे में यह सभी सैंपल एनआरसीई लैब में माइनस 70 डिग्री के तापमान पर रखवाए जा रहे हैं, क्योंकि केवल वहीं पर ऐसी सुविधा उपलब्ध है। खास बात यह है कि इन सैंपल जांच की सुविधा भी जिले में उपलब्ध नहीं है, इसलिए सभी सैंपल दिल्ली स्थित लैब में जीनो टाइप टेस्ट के लिए भेजे जाते हैं। फिलहाल विभाग द्वारा तीन दिन पहले ही 25 सैंपल लैब में भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। राहत की बात यह है कि अब तक जिले में किसी भी मरीज में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन का मामला देखने को नहीं मिला है।
जिले में यह मिले नए संक्रमित मरीज
डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल के अनुसार शनिवार को मिले संक्रमितों में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से सीनियर सिटीजन, हिसार से दो सीनियर सिटीजन, अग्रोहा निवासी एनआरसीई लैब में कार्यरत लैब टेक्नीशियन व 3 वर्षीय बच्ची, माजरा का कर्मी, शहर थाने से क्वार्टर नंबर 6 निवासी इंस्पेक्टर, मिर्जापुर का मजदूर, सेक्टर 16-17 का वकील, बुुुड़ाना व न्यू मॉडल टाउन के 2 छात्र, विद्युत नगर निवासी डीएचबीवीएन से एक्शन, छात्र, पीएलए की लेक्चरर, अर्बन एस्टेट दो सेे घरेलू कामकाज करने वाली महिला, सेक्टर-14 की छात्रा, जिंदल अस्पताल की स्टाफ नर्स, हांसी के यति नगर, सेक्टर 14 व ज्योति पुरा मोहल्ला की घरेलू कामकाज करने वाली तीन महिलाएं, सेक्टर-13 निवासी दो सीनियर सिटीजन एक महिला व सेवानिवृत्त कर्मी, सेक्टर 16-17 हवलदार व छात्र, सेक्टर-16 का कर्मी, बयाना खेड़ा का कर्मी, जीजेयू के कैंपस का छात्र, अर्बन एस्टेट-2 का वकील एवं घरेलू कामकाज करने वाली महिला, जीजेयू व आदमपुर की सीनियर सिटीजन, न्यू साकेत एक्सटेंशन व न्यू ऋषि नगर से दो बैंक कर्मी, पीएलए का व्यवसायी, अर्बन एस्टेट 2 से सीनियर सिटीजन व व्यवसायी, रावत खेड़ा का किसान, ऋषि नगर से घरेलू कामकाज करने वाली महिला, सेक्टर-13 का कर्मी, सिसाय बोलान एवं बरवाला निवासी घरेलू कामकाज करने वाली दो महिलाएं, उमरा का छात्र, सेक्टर 9-11 का सरकारी कर्मी, पुट्ठी मंगल खां का छात्र, बास अकबरपुर का मजदूर व छात्र, बांडाहेड़ी निवासी किसान एवं दो महिलाएं, ढाणा खुर्द की महिला एवं ढाणा संकरी का छात्र, सोरखी का छात्र, ढाणी मोहब्बतपुर का कर्मी, सीसवाल गांव की महिला व छात्रा, भैणी बादशाहपुर की महिला, बरवाला का मजदूर व किसान, सरहेड़ा की छात्रा, न्योली खुर्द व सेक्टर 13 के 2 छात्र, मंगलपुरा का एनए, उकलाना मंडी का कर्मी, उकलाना एवं सेक्टर 16-17 के 2 छात्र व एलएचवी, मंगाली आकलन व डाया के दो छात्र, बहबलपुर निवासी डीएचबीवीएन का कर्मी, सेक्टर 14 का चिकित्सक व सीनियर सिटीजन, सेक्टर 16 का कर्मी, रामपुरा मोहल्ला का व्यवसाय, पुरानी अनाज मंडी से सीएचओ, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से सीनियर सिटीजन, भारत नगर का कर्मी, गावड़ गांव सेेे 3 किसान, घरेलू कामकाज करने वाली 3 महिलाएं, 2 विद्यार्थी एवं सीनियर सिटीजन, दाहिमा से छात्र, प्रेम नगर की घरेलू कामकाज करनेे वाली महिला, कृष्णा नगर से महिला सीनियर सिटीजन, मार्वल सिटी सेे छात्रा, सातरोड खास व सेेेक्टर 9-11 से दो सीनियर सिटीजन, गोविंद नगर का कर्मी, जुगलान एवं सरसौद गांव के 2 मजदूर, रामपुरा मोहल्ला का कर्मी, एक जज, राजगढ़ रोड से एक छात्रा, शांति विहार से पुलिसकर्मी एवं पटेल नगर से दुकानदार शामिल हैं।
संक्रमितों का आंकड़ा पहुंचा 18 हजार के पार
अब जिले में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 18 हजार के पार पहुंचकर 18115 हो गया है। शनिवार को मिले 124 केस मिलने के बाद सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 601 हो गया। इनमें से अधिकांश मरीज होम आइसोलेट हैं। इसके चलते कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों के रिकवरी रेट में भी काफी गिरावट आई है, जो घटकर 94.81 प्रतिशत हो गया है।
कुछ निजी लैब में चल रहा निगेटिव रिपोर्ट का खेल
सूत्रों के अनुसार शहर की कुछ निजी लैब में कोविड-19 सैंपल की गलत तरीके से जांच हो रही है। वहां पर कुछ लोग पॉजिटिव होने के बाद दोबारा जांच करवाते हैं और वहां से निगेटिव रिपोर्ट लेते हैं। इस तरह के गुर्गे सरकारी अस्पताल के आसपास घूमते रहते हैं, जो मरीजों को निगेटिव रिपोर्ट का लालच देकर उनसे रुपये लेते हैं। इनके हौसले इतने बुलंद हैं कि मरीज के बुलाने पर तुरंत मौके पर पहुंच जाते हैं और सैंपल लेने के बाद मरीज को निगेटिव रिपोर्ट सौंपते हैं।
27 नए कंटेनमेंट जोन बने
शुक्रवार को भी विभाग ने 27 जगहों पर कंटेनमेंट जोन बनाए हैं। इनको मिलाकर कंटेनमेंट जोन की संख्या 200 के करीब जा पहुंची है।