हिसार। सर्दी के मौसम में इस बार शहर के विभिन्न बाजारों में करीब 90 करोड़ रुपये का गर्म कपड़ों का कारोबार होने की उम्मीद है। सर्दी बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों का कारोबार में भी तेजी आएगी। हालांकि लोगों ने गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू कर दी है।
कारोबारियों के मुताबिक ग्राहकों की पसंद के अनुसार नया स्टाॅक मंगवा लिया है। गर्म कपड़ों का स्टॉक लुधियाना व दिल्ली से आता है।
इस बार दिवाली के त्योहार पर खूब कारोबार हुआ। मगर दिवाली के बाद कुछ दिनों के लिए बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल कम हो गई थी। मगर जैसे ही सुबह-शाम की ठंड ने दस्तक दी तो गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए लोगों ने बाजारों की तरफ रुख करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही बाजारों में फिर से चहल-पहल शुरू हो गई।
ये हैं शहर के प्रमुख बाजार
कपड़ों की खरीदारी के लिहाज से राजगुरु मार्केट शहर की सबसे प्रमुख मार्केट है। इसके अलावा आर्य समाज मंदिर मार्केट, बिश्नोई मार्केट, चौधरी मार्केट, पूजा मार्केट, पटेल नगर, अर्बन एस्टेट टू मार्केट, पीएलए मार्केट, पटेल नगर मार्केट, एमसी-डीसी कॉलोनी मार्केट, मॉडल टाउन मार्केट में भी कपड़ों की दुकानें हैं, जिनमें बड़े ब्रॉडिंड शोरूम भी शामिल हैं।
यह कहना है कारोबारियों का
अब नवंबर से फरवरी तक गर्म कपड़ों की खरीदारी होगी। हमने कुछ स्टॉक खरीद लिया है और कुछ अभी आना बाकी है। लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी करने लगे हैं। जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी तो बिक्री भी बढ़ेगी।
- टीनू आहुजा, महासचिव, राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन।
सुबह-शाम की ठंड शुरू हो गई है तो लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए आने लगे हैं। लोगों की डिमांड के अनुसार ही हमने स्टॉक मंगवा लिया है। इस बार ज्यादा सर्दी पड़ने की बात कही जा रही है तो उम्मीद है कि इस बार गर्म कपड़ों की खरीदारी भी ज्यादा होगी।
- कमल, व्यापारी।
अभी दिन के समय मौसम गर्म है तो लोग गर्म कपड़े पहनने से परहेज कर रहे हैं लेकिन जैसे ही दिन के समय ठंड शुरू होगी तो लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी भी शुरू कर देंगे। उम्मीद है कि नवंबर में गर्म कपड़ों वाली सर्दी आ जाएगी।
- ईश कुकरेजा, व्यापारी।
इस बार ज्यादा ठंड पड़ने की संभावना है तो उसी के अनुसार गर्म कपड़ों को ज्यादा स्टॉक मंगवाया है। अभी गिने चुने लोग ही खरीदारी के लिए आ रहे हैं लेकिन आने वाले दिनों में ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी।
- दीक्षित कथूरिया, व्यापारी।